राजग की बढ़ती लोकप्रियता केरल में बदलाव का संदेश : मोदी

Screenshot

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि केरल में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और यह राज्य में बदलाव का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में केरल में राजग की सरकार बनने पर तेज विकास होगा।

 

केरल के पलक्कड़ में आयोजित एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने वाम दलों के नेतृत्व वाले एलडीएफ और कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दोनों गठबंधनों को भ्रष्ट और सांप्रदायिक करार देते हुए कहा कि उनकी राजनीति केवल वोटबैंक तक सीमित है और उन्हें राज्य के विकास की चिंता नहीं है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा, “एलडीएफ और यूडीएफ की नीतियां सिर्फ वोटबैंक पॉलिटिक्स पर आधारित हैं। मैं केरलम की जनता को विश्वास दिलाता हूं कि राजग की सरकार बनने पर राज्य का तेज विकास होगा। यह मोदी की गारंटी है।”

 

उन्होंने कहा, “केरलम लंबे समय से एलडीएफ और यूडीएफ के बीच फंसा हुआ है, लेकिन अब राज्य में बदलाव का माहौल बन रहा है।” प्रधानमंत्री के अनुसार, राज्य के युवा, महिलाएं और किसान अब भाजपा और राजग के प्रति भरोसा जता रहे हैं, जो एक उभरते जनआंदोलन का रूप ले रहा है।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने एलडीएफ और यूडीएफ के बीच ‘बी टीम’ को लेकर चल रही बयानबाजी का जिक्र करते हुए कहा कि इससे साफ होता है कि दोनों ही गठबंधन भाजपा को एक मजबूत विकल्प मानने लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दोनों दल एक-दूसरे के खिलाफ केवल बयान देते हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं करते।

 

राज्य की आर्थिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि केरल पर पांच लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज है, जो पिछले दस वर्षों में तीन गुना हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पैसा सही दिशा में खर्च नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि राज्य में राजग की सरकार बनने पर हर रुपये का हिसाब लिया जाएगा।

 

प्रधानमंत्री ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए केंद्र सरकार की नीतियों का उल्लेख किया और कहा कि सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है। साथ ही, पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विदेशों में फंसे भारतीयों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

उल्लेखनीय है कि केरल में पारंपरिक रूप से एलडीएफ और यूडीएफ के बीच ही सत्ता परिवर्तन होता रहा है, लेकिन भाजपा अब राज्य में तीसरे विकल्प के रूप में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है।————-

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com