पीडीए का लक्ष्य यूपी विधानसभा के आगामी चुनाव में भाजपा को हराना है : अखिलेश यादव

नोएडा : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार काे गौतमबुद्ध नगर जिले के दादरी में आयोजित ‘समाजवादी समानता भाईचारा’ रैली में भाजपा को दरारवादी, विभेदकारी राजनीति करने वाला दल बताया। उन्होंने कहा कि पीडीए का लक्ष्य ऐसी ताकतों से सावधान व चौकन्ना होकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उसको हराने का है, इसलिए एकजुट होकर हुंकार भरें।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने उप चुनावों में वोट चोरी करके जीत हासिल की थी लेकिन वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जब पूरे प्रदेश में एक साथ 403 सीटों पर चुनाव होंगे तो यह सफल नहीं होंगे। भाजपा ने एसआईआर की आड़ में एनआरसी का काम किया, लेकिन पीडीए के पदाधिकारियों ने बड़ी सक्रियता से अपना वोट सुरक्षित रखा। इसलिए सपा के सभी पदाधिकारी बधाई के पात्र हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि पिछले नाै साल में भाजपा सरकार के फैसलाें ने लाेगाें काे काफी दुख दर्द दिया है। भाजपा सरकार ने लाखाें कराेड़ रुपये के एमओयू किये, लेकिन जमीनी स्तर पर काेई नहीं उतरा, युवाओं काे राेजगार नहीं मिला और न ही नाैकरियां लेकिन समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं काे ट्रेनिंग देकर उन्हें राेजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 मार्च को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन पर दिए गए भाषण पर तल्ख टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि नोएडा से लेकर दिल्ली तक मेट्रो का निर्माण समाजवादी पार्टी की सरकार में किया, जो लोग नोएडा आने को अंधविश्वास बता रहे हैं वे जान लें कि हमने सपा कार्यकर्ताओं के घर में इतनी बार चाय पी है, जितनी बार वे भाजपा पदाधिकारियों के यहां गये भी नहीं होंगे। आजकल एटीएम की चर्चा कुछ ज्यादा हाे रही है। सब लाेग जानते हैं कि ए और टी के साथ एम का फुलफार्म क्या हाेता है?सम्मेलन में किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि यहां नोएडा समेत कई जगह विकास परियाेजनाओं के लिए किसानों की जमीनें ली जा रही हैं लेकिन उसके मुआवजा बहुत कम है और कई जगह तो सही तरीके से मुआवजा भी नहीं मिला है, लेकिन हम आश्वस्त करते हैं कि भविष्य में सपा की सरकार बनने पर अगर जमीन ली जाएगी तो किसानों को बाजार के दाम पर मुआवजा दिया जाएगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 32 जिलों से आए कार्यकर्ताओं की रैली को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख यादव ने कहा कि पिछले 5 हजार सालों से मात्र पांच फीसदी लोग 95 फीसदी लोगों का शोषण कर रहे हैं। इसमें पीड़ित और निर्धन लोग हैं, जो सभी धर्मों और समाज के लोग हैं। पीडीए इन्हीं पीड़ित समाज की आवाज को उठा रहा है और उन्हें सामाजिक न्याय का राज लाकर मान सम्मान वापस करेगा।सपा प्रमुख ने कहा कि पीडीए सकारात्मक आंदोलन है, पीडीए के लोगों की प्रतिभा और योग्यता पर कटाक्ष हो रहे हैं। उन्हें अपमानित किया जा रहा है और ऐसा करने वाले अहंकारी लोग हैं, लेकिन हम अहंकारी लोगों के कारण पीछे हटने वाले नहीं हैं। उत्पीडन और उपेक्षा करने वाले लोगों को जवाब देंगे। पीडीए पीछ छूट गये लोगों को आगे लाना है। यादव ने कहा कि वर्ष 2027 में प्रदेश में पीडीए की सरकार बनने पर राजधानी लखनऊ में गोमती रीवर फ्रंट में पीडीए समाज के पूर्वजों व महापुरुषों का एक स्मारक बनाएंगे और मूर्तियां भी लगवाएंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में गुर्जर समाज के महापुरुषों की न केवल मूर्तियां लगवायीं बल्कि उनके नाम पर पार्क भी बनवाए हैं। दादरी नाेएडा में आयाेजित इस रैली के संयोजक राज कुमार भाटी के साथ पार्टी के सांसदों समेत प्रमुख पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे; पार्टी के पदाधिकारियों के अनुसार इस रैली में प्रदेश की 140 विधानसभा क्षेत्रों के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए हैं। ————–

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com