मियामी : मियामी ओपन के बारिश से प्रभावित फाइनल में इटली के स्टार खिलाड़ी यानिक सिनर ने रविवार रात चेक गणराज्य के जीरी लेहेका को 6-4, 6-4 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ सिनर बिना एक भी सेट गंवाए ‘सनशाइन डबल’ पूरा करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए।
विश्व नंबर दो सिनर ने मुकाबले में अपने पहले सर्विस पर 92 प्रतिशत अंक जीते और पूरे मैच के दौरान मिले तीनों ब्रेक प्वाइंट बचाए। इस जीत के साथ उन्होंने मास्टर्स 1000 मुकाबलों में बिना सेट गंवाए अपनी जीत की श्रृंखला को 17 तक पहुंचा दिया।
मुकाबले के बाद सिनर ने कहा, “हमने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए काफी मेहनत की है, इसलिए मैं बेहद खुश हूं। अब घर लौटने को लेकर भी उत्साहित हूं। पहली बार सनशाइन डबल हासिल करना मेरे लिए अविश्वसनीय है, मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह संभव हो पाएगा।”
बारिश के कारण मुकाबला लगभग 90 मिनट देर से शुरू हुआ। इसके बावजूद सिनर ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले सेट में जल्दी 3-1 की बढ़त बनाई और मजबूत सर्विस के दम पर सेट अपने नाम किया। दूसरे सेट की शुरुआत में फिर बारिश के चलते खेल रोकना पड़ा, लेकिन वापसी के बाद सिनर ने अपना दबदबा कायम रखा।
लेहेका, जो अपने करियर का पहला मास्टर्स 1000 फाइनल खेल रहे थे, ने दूसरे सेट में कड़ा मुकाबला दिया। उन्होंने कई ब्रेक प्वाइंट बचाए और एक समय 4-3 की बढ़त भी बना ली, लेकिन सिनर ने निर्णायक क्षणों में बेहतर खेल दिखाते हुए वापसी की।
सिनर ने दूसरे सेट में अपने छठे ब्रेक प्वाइंट पर सफलता हासिल कर 5-4 की बढ़त बनाई और फिर अपनी सर्विस पर मैच जीत लिया।
गौरतलब है कि सिनर 2017 में रोजर फेडरर के बाद पहले खिलाड़ी बने हैं, जिन्होंने इंडियन वेल्स और मियामी ओपन खिताब लगातार जीते हैं। इस उपलब्धि को ‘सनशाइन डबल’ कहा जाता है।
इस खास उपलब्धि के साथ सिनर ने नोवाक जोकोविच, आंद्रे आगासी, पीट सैम्प्रास, माइकल चांग और जिम कूरियर जैसे महान खिलाड़ियों की सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal