‘टोस्टर’ का ट्रेलर रिलीज, कंजूस अवतार में छाए राजकुमार राव

अभिनेता राजकुमार राव एक बार फिर अपनी दमदार कॉमिक टाइमिंग के साथ दर्शकों को गुदगुदाने के लिए तैयार हैं। नेटफ्लिक्स की डार्क-कॉमेडी फिल्म ‘टोस्टर’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। फिल्म में राजकुमार ‘रमाकांत’ नाम के ऐसे कंजूस शख्स की भूमिका निभा रहे हैं, जो शादी में दिए गए एक टोस्टर को वापस पाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है।

 

निर्देशक विवेक दास चौधरी के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी एक साधारण घटना से शुरू होकर अराजक स्थितियों में बदल जाती है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि रमाकांत की कंजूसी उसे लगातार मुश्किलों में डालती है और एक मामूली टोस्टर के पीछे उसकी जिद उसे और उसके आसपास के लोगों को उलझनों में फंसा देती है। फिल्म में हास्य के साथ-साथ डार्क ट्विस्ट भी देखने को मिलेगा।

 

फिल्म को पत्रलेखा ने ‘कामपा फिल्म’ के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। कलाकारों की लंबी सूची में सान्या मल्होत्रा, अर्चना पूरन सिंह, अभिषेक बनर्जी, फराह खान, उपेंद्र लिमये, जितेंद्र जोशी और सीमा पाहवा शामिल हैं। इसके अलावा राजकुमार राव जल्द ही सौरव गांगुली की बायोपिक, ‘स्त्री 3’ और अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स में भी नजर आएंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com