राजस्थान की जीत के हीरो रहे बिश्नोई बोले- गेंदबाजी में सुधार के लिए की कड़ी मेहनत

अहमदाबाद : राजस्थान रॉयल्स ने शनिवार रात खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के अपने दूसरे मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 6 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले के हीरो लेग स्पिनर रवि बिश्नोई रहे, जिन्होंने चार महत्वपूर्ण विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता।

 

इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे बिश्नोई ने 4 ओवर में 41 रन देकर 4 विकेट झटके। उन्होंने साई सुदर्शन, ग्लेन फिलिप्स, वाशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया को आउट कर मैच का रुख पलट दिया।

 

मैच के बाद बिश्नोई ने कहा कि पिछला सीजन उनके लिए चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन उन्होंने अपनी लेंथ और प्रदर्शन पर लगातार मेहनत की। उन्होंने बताया कि मानसिक, तकनीकी और शारीरिक—तीनों स्तर पर सुधार के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी।

 

अपने पसंदीदा विकेट के रूप में उन्होंने राहुल तेवतिया का नाम लिया। बिश्नोई के अनुसार, वह ऐसे मौकों के खिलाड़ी हैं। अगर वह उस समय आउट नहीं होते, तो मैच किसी भी तरफ जा सकता था।

 

बिश्नोई ने आखिरी ओवरों में गेंदबाजों के सामूहिक प्रदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने कहा, “तुषार देशपांडे ने जिस तरह गेंदबाजी की और जोफ्रा आर्चर ने जैसे 19वां ओवर डाला, वह शानदार था। यह पूरी टीम का प्रयास था। हमारी टीम युवा है और हम आगे भी ऐसे ही अच्छा प्रदर्शन करते रहना चाहते हैं।

 

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 210 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल (55) और ध्रुव जुरेल (75) ने शानदार अर्धशतक लगाए, जबकि वैभव रघुवंशी ने 31 रनों की तेज पारी खेली।

 

लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस की शुरुआत अच्छी रही। साई सुदर्शन ने 73 रन बनाए, लेकिन मध्यक्रम लड़खड़ा गया। अंत में राशिद खान (24) और कगिसो रबाडा (नाबाद 23) ने तेज रन बनाकर मैच को रोमांचक बना दिया।

 

आखिरी ओवर में गुजरात को जीत के लिए 11 रन चाहिए थे, लेकिन टीम केवल 4 रन ही बना सकी और 20 ओवर में 8 विकेट पर 204 रन तक ही पहुंच पाई। इस तरह राजस्थान रॉयल्स ने 6 रन से रोमांचक जीत अपने नाम की।

 

राजस्थान का अगला मैच सात अप्रैल को मुंबई इंडियंस से होगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com