फिडे कैंडिडेट्स टूर्नामेंट 2026: दिव्या देशमुख ने अन्ना मुजिचुक को हराकर संयुक्त बढ़त बनाई, प्रज्ञानानंद हारे

साइप्रस : फिडे कैंडिडेट्स टूर्नामेंट 2026 के आठवें राउंड में मंगलवार को भारत की दिव्या देशमुख ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष पर चल रहीं अन्ना मुजिचुक को हराकर संयुक्त बढ़त हासिल कर ली।

 

अपने पहले कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में खेल रहीं दिव्या ने शुरुआत में दबाव झेला, लेकिन एंडगेम में शानदार वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ वह मुजिचुक, आर वैशाली, झू जिनर और कटरीना लाग्नो के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गई हैं।

 

मुकाबले के मिडिलगेम और शुरुआती एंडगेम में मुजिचुक का नियंत्रण दिख रहा था और खेल ड्रॉ की ओर बढ़ता नजर आ रहा था। हालांकि 76वें मूव के बाद दिव्या ने लगातार चेक देते हुए विरोधी राजा को खुली स्थिति में ला दिया। 80वें मूव पर मुजिचुक की एक गलती भारी पड़ी और दिव्या ने निर्णायक हमला बोलते हुए जीत दर्ज कर ली।

 

महिला वर्ग के अन्य मुकाबलों में वैशाली ने बिबिसारा अस्साउबायेवा के खिलाफ ड्रॉ खेला, जबकि लाग्नो ने अलेक्जेंड्रा गोऱ्याच्किना को हराया। झू जिनर ने तान झोंगयी पर जीत हासिल की।

 

ओपन वर्ग में शीर्ष पर चल रहे जावोखिर सिंदारोव और आंद्रेई एसिपेंको के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा। खेल के मध्य चरण में दोनों खिलाड़ियों ने संतुलित खेल दिखाया और अंततः मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।

 

भारत के आर प्रज्ञानानंद को अनीश गिरी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। गिरी ने 36.e6 के महत्वपूर्ण मूव के जरिए दबाव बनाया और प्रज्ञानानंद को अंततः हार माननी पड़ी।

 

अन्य मुकाबलों में हिकारू नाकामुरा ने फैबियानो कारुआना को हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की, जबकि वेई यी और मैथियास ब्लूबाउम के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com