‘बीजेपी आई तो बंगाल से घुसपैठिए बाहर होंगे..’, ममता बनर्जी की सरकार पर पीएम मोदी ने कहा- हिंसा होगी तो एक्शन होगा

West Bengal : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों का दौर जारी है, और इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व बर्धमान जिले के कटवा में एक विशाल रैली को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला और राज्य में फैली हिंसा, भय का माहौल और घुसपैठ जैसे मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया। पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि यदि भाजपा सत्ता में आती है, तो इन समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाएगा और प्रदेश में विकास एवं सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि ममता बनर्जी के 15 वर्षों के शासन में बंगाल में भय का माहौल पैदा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस ने राजनीतिक हिंसा को बढ़ावा दिया है और प्रदेश में अव्यवस्था का माहौल बना है। मोदी ने कहा, “यह चुनाव तृणमूल के डर को खत्म करने के लिए है। अब समय है कि बंगाल में भय के माहौल को समाप्त कर विकास की दिशा में कदम बढ़ाया जाए।”

 

प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार ने नागरिकता (संशोधन) अधिनियम लागू किया है ताकि मतुआ, नामशूद्र और अन्य शरणार्थी परिवारों को नागरिकता दी जा सके। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार बनने पर, इन सभी पात्र आवेदकों की नागरिकता देने की प्रक्रिया तेज की जाएगी। साथ ही, उन्होंने कहा कि अवैध घुसपैठियों को पश्चिम बंगाल छोड़ना पड़ेगा। मोदी ने चेतावनी दी कि जो लोग घुसपैठियों की मदद कर रहे हैं, उन्हें भी बख्शा नहीं जाएगा।

 

पीएम मोदी ने कहा कि दक्षिण बंगाल के मतुआ समुदाय चुनाव में प्रभावशाली वर्ग माना जाता है, और उनके समर्थन से भाजपा को मजबूती मिलेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि भाजपा सरकार बनने पर, पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना लागू की जाएगी, ताकि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर उठ सके।

 

प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा की निंदा की और कहा कि भाजपा उन तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करेगी, जो प्रदेश में अराजकता फैलाने का काम कर रहे हैं। साथ ही, उन्होंने कहा कि राज्य के आलू किसानों का भविष्य सुरक्षित किया जाएगा और उनके हितों की रक्षा की जाएगी।

 

उन्होंने महिलाओं से भाजपा के समर्थन में आगे आने का आह्वान किया और कहा कि जहां-जहां महिलाओं ने मतदान किया है, भाजपा ने बड़ी सफलता हासिल की है। मोदी ने भरोसा जताया कि भाजपा पश्चिम बंगाल में भारी मतों से जीत हासिल करेगी।

 

बता दें, पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होंगे। मतगणना 4 मई को की जाएगी। भाजपा की उम्मीदें बंगाल में लगातार बढ़ रही हैं, और इन चुनावों में पार्टी का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में स्थिरता, विकास और सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com