पटना : बिहार में नए सरकार के गठन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार दोपहर 2 बजे जनता दल यूनाइटेड (जदयू) विधायक दल की बैठक अपने आवास पर बुलाई है।
वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने करीब 3:30 बजे अपने विधायकों की बैठक तय की है, जिसमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान विधायक दल के नेता यानी राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा करेंगे।
दोनों दलों की बैठकों के बाद शाम 4 बजे विधानमंडल के केंद्रीय कक्ष में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें भाजपा विधायक दल के नेता को गठबंधन का नेता चुना जाएगा।
भाजपा और जदयू सूत्रों के अनुसार, बिहार में करीब पांच माह के भीतर नई सरकार का गठन 15 अप्रैल को किया जाएगा और उसी दिन शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होने की संभावना है।
इधर, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर सोमवार को राजग नेताओं की अहम बैठकें हुईं। जदयू नेता संजय झा और ललन सिंह ने उनसे मुलाकात की, जबकि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी भी वहां पहुंचे। फिलहाल सरकार गठन की गतिविधियों का केंद्र नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी के आवास बने हुए हैं।
माना जा रहा है कि भाजपा विधायक दल का नेता ही अगला मुख्यमंत्री होगा। इसके लिए पर्यवेक्षक के रूप में शिवराज सिंह चौहान मंगलवार सुबह पटना पहुंचेंगे।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान में भाजपा विधायक दल के नेता सम्राट चौधरी और उप-नेता विजय कुमार सिन्हा हैं, जो फिलहाल नीतीश सरकार में उपमुख्यमंत्री हैं। 14 अप्रैल को कैबिनेट की अंतिम बैठक होगी, जिसके बाद नीतीश कुमार राजभवन जाकर इस्तीफा देंगे और नई सरकार गठन का मार्ग प्रशस्त करेंगे।
इसके बाद जदयू विधायक दल को भी नया नेता चुनना होगा, क्योंकि नीतीश कुमार के सांसद बनने के बाद विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य ही मुख्यमंत्री पद के लिए चुना जा सकता है।
बिहार की राजनीति में हो रहे इस बदलाव को लेकर राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है और सभी की नजरें नए मुख्यमंत्री के नाम पर टिकी हैं।
————
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal