अंकिता लोखंडे का एक्स अकाउंट हैक

लोकप्रिय टीवी और फिल्म अभिनेत्री अंकिता लोखंडे का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ अकाउंट हैक हो गया है। इस बात की जानकारी खुद अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए शेयर की। अंकिता ने फैंस और फॉलोअर्स को आगाह करते हुए कहा है कि जब तक उनका अकाउंट पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाता, तब तक उस अकाउंट से होने वाली किसी भी गतिविधि को उनकी आधिकारिक प्रतिक्रिया न माना जाए।

 

अंकिता ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, “दोस्तों, मेरा एक्स अकाउंट हैक हो गया है और मैं इसे रिकवर करने की कोशिश कर रही हूं। अगले नोटिस तक उस अकाउंट से किए गए किसी भी ट्वीट या मैसेज का जवाब न दें, क्योंकि वह मेरी ओर से नहीं है।” उन्होंने अपने प्रशंसकों से सतर्क रहने की अपील करते हुए उनके प्यार और समर्थन के लिए आभार भी जताया। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाली अंकिता अक्सर अपनी निजी और पेशेवर जिंदगी की झलकियां फैंस के साथ शेयर करती रहती हैं।

 

अंकिता लोखंडे को सबसे ज्यादा पहचान टीवी के चर्चित धारावाहिक पवित्रा रिश्ता में ‘अर्चना’ के किरदार से मिली थी। इस शो ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया था। इसी शो में उनके साथ दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत नजर आए थे और दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। अंकिता कई बार अपने करियर में यह मौका देने के लिए निर्माता एकता कपूर का आभार जता चुकी हैं।

 

अभिनेत्री इन दिनों रियलिटी शो ‘सेलिब्रिटी लाफ्टर शेफ्स’ में नजर आ रही हैं, जहां उनका हल्का-फुल्का अंदाज दर्शकों को पसंद आ रहा है। अंकिता ने दिसंबर 2021 में बिजनेसमैन विक्की जैन से शादी की थी और दोनों को बिग बॉस 17 में भी साथ देखा गया था। फिलहाल फैंस उनकी सोशल मीडिया सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं और अकाउंट जल्द रिकवर होने की उम्मीद कर रहे हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com