चेन्नई : तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 से पहले तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के प्रमुख और अभिनेता विजय ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया। टीवीके प्रमुख विजय ने कहा कि तमिलनाडु के लोगों का कल्याण उनकी पार्टी की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो सभी वादों को पूरा किया जाएगा। साथ ही जो नहीं कहा है, वह भी करेंगे।
चेन्नई के नुंगमबक्कम स्थित एक निजी होटल में गुरुवार को जारी घोषणापत्र में टीवीके ने महिलाओं को अपनी ओर खींचने के लिए कई वादे किए हैं। इसमें 60 वर्ष से कम उम्र की महिलाओं को प्रति माह 2,500 रुपये की सहायता देने की बात कही है। इसके साथ ही प्रत्येक परिवार को साल में 6 रसोई गैस सिलेंडर, निर्धन परिवारों की मदद के लिए शादियों में आठ ग्राम सोना और दुल्हन को गुणवत्तापूर्ण सिल्क साड़ी देने का भी वादा किया है। स्वयं सहायता समूहों के लिए 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण देने की बात भी इसमें शामिल है।
टीवीके प्रमुख विजय ने घोषणापत्र में बेहतर शिक्षा व्यवस्था देने का भी वादा किया है। पार्टी ने 100 कामराज स्तर के स्कूल, सभी जिलों में कक्षा 6 से 12 तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने वाले मुफ्त आवासीय स्कूल, प्रत्येक स्कूल में आधुनिक बुनियादी ढांचा और विश्वस्तरीय शिक्षा प्रदान किए जाने का वादा किया है। इसके अलावा प्रत्येक तमिल छात्र के शिक्षा सपनों को समर्थन देने के लिए स्नातक से पीएचडी तक 20 लाख रुपये तक ऋण की गारंटी का वादा किया है।
पार्टी ने अपने घोषणापत्र में नशामुक्त तमिलनाडु का वादा किया है। घोषणापत्र में एक परिवार को 25 लाख रुपये तक का यूनिवर्सल हेल्थ इंश्योरेंसका वादा किया है। प्रत्येक नागरिक को वार्षिक जांच और सस्ती दवाएं प्रदान करने की बात भी कही है। टीवीके ने घोषणापत्र में कहा है कि रोजगार कार्यालय में पंजीकृत बेरोजगार स्नातकों को 4,000 रुपये प्रति माह, 12वीं और आईटीआई-डिप्लोमा करे हुए युवाओं को 2,500 रुपये प्रति माह दिया जाएगा। व्यवसाय शुरू करने के लिए ऋण के रूप में 25 लाख रुपये और सभी सरकारी भर्ती परीक्षाओं के लिए एक निश्चित समय सारिणी का वादा किया है।
कृषि क्षेत्र के लिए टीवीके ने कहा है कि पांच एकड़ से कम भूमि रखने वाले किसानों के लिए कृषि सहकारी समितियों से लिए गए सभी फसल ऋण पूरी तरह माफ किए जाएंगे। पांच एकड़ से अधिक भूमि रखने वाले किसानों को कृषि सहकारी समिति के फसल ऋण पर 50 प्रतिशत छूट दी जाएगी। धान के लिए 3,500 रुपये प्रति क्विंटल, गन्ने के लिए 4,500 रुपये प्रति टन न्यूनतम समर्थन मूल्य का वादा किया है। पार्टी ने अपने घोषणापत्र में कहा है कि तेल फसल किसानों के लिए नारियल की कीमत स्थिर की जाएगी। पट्टेदार किसानों और कृषि मजदूरों को सीधे सालाना 10,000 रुपये दिए जाएंगे।
तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 23 अप्रैल को होगा।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal