Lucknow : ग्राम प्रधानों ने की मुख्यमंत्री से मुलाकात, प्रशासक दायित्व देने की उठी मांग

Lucknow : पंचायत चुनाव में हो रही लेटलतीफी के बीच ग्राम प्रधानों की धड़कनें भी बढ़ी हुई हैं। ग्राम प्रधानों को कार्यकाल समाप्त होने के बाद प्रशासकों की तैनाती होने का खतरा सता रहा है। ऐसे में राष्ट्रीय पंचायतीराज ग्राम प्रधान संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और जनता के चुने हुए प्रधानों को ही प्रशासक का दायित्व सौंपने की मांग रखी।

 

राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर पहुंचकर सीएम योगी से शिष्टाचार भेंट की और ग्राम प्रधानों की समस्याओं सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान प्रधान संगठन ने आगामी पंचायत चुनाव में हो रहे विलंब पर चर्चा की और 26 मई तक चुनाव न हो पाने की स्थिति में जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों को ही प्रशासक का जिम्मा सौंपने की मांग की। संगठन ने कहा कि जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों को प्रशासक बनाकर उनके अनुभव और स्थानीय हालात की बेहतर समझ का लाभ उठाया जा सकता है, जिससे गांवों के विकास को निरंतरता प्रदान की जा सकती है।

 

मुख्यमंत्री ने प्रधान संगठन की बातों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उधर, स्थानीय स्तर पर भी ग्राम प्रधान अपने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपकर कार्यकाल बढ़ाने की मांग पर जोर दे रहे हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com