सैफ महिला चैंपियनशिप में मेजबान भारत ग्रुप बी में बांग्लादेश और मालदीव के साथ

नई दिल्ली : सैफ महिला चैंपियनशिप के आधिकारिक ड्रॉ में मेज़बान भारत को ग्रुप बी में बांग्लादेश और मालदीव के साथ रखा गया है। ड्रॉ का आयोजन बांग्लादेश की राजधानी ढाका स्थित सैफ सचिवालय में किया गया।

 

यह टूर्नामेंट 25 मई से 6 जून तक गोवा के मडगांव में आयोजित होगा और सभी मुकाबले पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले जाएंगे।

 

ग्रुप ए में नेपाल, श्रीलंका और भूटान को रखा गया है, जबकि ग्रुप बी में भारत, बांग्लादेश और मालदीव शामिल हैं। दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी।

 

टूर्नामेंट की सीडिंग 21 अप्रैल को जारी फीफा महिला विश्व रैंकिंग के आधार पर की गई, जिसमें भारत (69) और नेपाल (87) को शीर्ष वरीयता दी गई। बांग्लादेश (112) और श्रीलंका (162) को दूसरे पॉट में रखा गया, जबकि भूटान (164) और मालदीव (167) तीसरे पॉट में शामिल रहे।

 

भारत इस प्रतियोगिता का सबसे सफल देश है, जिसने 2010, 2012, 2014, 2016 और 2019 में कुल पांच बार खिताब जीता है। हालांकि, पिछले दो संस्करणों में बांग्लादेश ने खिताब जीतकर अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई है।

 

यह दूसरा अवसर होगा जब भारत इस टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा। इससे पहले 2016 में सिलीगुड़ी में आयोजित संस्करण में भारतीय टीम चैंपियन बनी थी। गोवा भी दूसरी बार किसी सैफ टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा। इससे पहले 1999 में पुरुष सैफ चैंपियनशिप का आयोजन यहीं हुआ था, जिसमें भारत ने बांग्लादेश को हराकर खिताब जीता था।

 

संतुलित ग्रुप और प्रतिस्पर्धी टीमों की मौजूदगी को देखते हुए इस बार का टूर्नामेंट बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है, जहां मेज़बान भारत एक बार फिर खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com