ममता बनर्जी का भाजपा पर हमला, बोलीं- केंद्रीय ताकत के भरोसे चुनाव जीतना चाहती है पार्टी

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को हुगली जिले के उत्तरपाड़ा में तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी शीर्षन्य बंद्योपाध्याय के समर्थन में जनसभा की। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), केंद्रीय नेतृत्व और चुनावी रणनीति को लेकर तीखा हमला बोला।

 

ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए केंद्रीय एजेंसियों, सुरक्षा बलों और संसाधनों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि कई मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और बड़ी संख्या में हेलीकॉप्टर चुनाव प्रचार में लगाए गए हैं, लेकिन जनता इसका जवाब मतदान से देगी।

 

उन्होंने नंदीग्राम और भवानीपुर का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष वोटिंग प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन जनता ऐसे प्रयासों को सफल नहीं होने देगी। सभा में रोजगार और उद्योग के मुद्दे भी उठाए। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में बेरोजगारी घटी है और राज्य में लगातार उद्योग स्थापित हो रहे हैं। कहा कि हावड़ा से बर्धमान तक राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे विकास और औद्योगिक विस्तार साफ दिखाई देता है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदमोटर क्षेत्र की जमीन पर नए कारखाने लगाए गए हैं और आने वाले समय में वहां बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य में कई औद्योगिक गलियारे विकसित किए जा रहे हैं और बड़े निवेश आने वाले हैं।

 

केंद्र सरकार की योजनाओं पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि चुनाव के समय घोषणाएं की जाती हैं, लेकिन पूरे देश में समान रूप से लाभ नहीं दिया जाता। उन्होंने पेट्रोल कीमतों और महंगाई का मुद्दा भी उठाया। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन से भी संयम बरतने की अपील की और कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में मतदाताओं को स्वतंत्र वातावरण मिलना चाहिए।

 

उत्तरपाड़ा विधानसभा सीट पर इस बार तृणमूल कांग्रेस ने शीर्षन्य बंद्योपाध्याय को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने दीपांजन चक्रवर्ती और वाम दलों ने मीनाक्षी मुखोपाध्याय को मैदान में उतारा है। चुनावी मुकाबले को लेकर इस सीट पर राजनीतिक सरगर्मी तेज है।—————–

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com