चांपदानी में तेजस्वी यादव की जनसभा, भाजपा पर तीखा हमला

हुगली : पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के चांपदानी स्थित जोड़ा मंदिर मैदान में तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार अरिंदम गुइन के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा में बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने शिरकत की और भाजपा पर जमकर निशाना साधा।

 

सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने जनता से 29 अप्रैल को अरिंदम गुइन के पक्ष में मतदान करने की अपील की और राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का हाथ मजबूत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल एक उम्मीदवार का नहीं, बल्कि विचारधारा की लड़ाई है।

 

तेजस्वी यादव ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी राजनीति नफरत और समाज को बांटने पर आधारित है। उन्होंने कहा कि इनका काम हिंदू-मुसलमानों के बीच तनाव पैदा करना और लोगों को बांटना है, जबकि सरकार का काम शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार उपलब्ध कराना तथा समाज में सौहार्द बनाए रखना होना चाहिए।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। तेजस्वी यादव ने कहा कि एक महिला मुख्यमंत्री को सत्ता से हटाने के लिए केंद्र ने अपनी पूरी मशीनरी लगा दी, लेकिन इसके बावजूद वे सफल नहीं हो पाए हैं।

 

सभा के दौरान बड़ी संख्या में तृणमूल समर्थक मौजूद रहे, जिससे पूरे इलाके में चुनावी माहौल और भी गरम हो गया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com