भगवंत मान चार साल के फेल मॉडल का हिसाब दें : भाजपा

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा 1 मई को बुलाए गए पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र को खजाने की लूट और बेवजह का राजनीतिक सर्कस करार दिया। उन्होंने कहा कि बिखरती आम आदमी पार्टी, डगमगाते विधायकों को संभालने एवं पंजाब सरकार की नाकामी, वादाखिलाफी, माफियाराज एवं उगाही तंत्र से उपजे जन आक्रोश से ध्यान हटाने के लिए भगवंत मान सरकार विधानसभा जैसे पवित्र सदन का दुरुपयोग कर रही है।

 

मीडिया से बातचीत करते हुए तरुण चुग ने कहा कि सत्र बुलाने से पहले पंजाब सरकार को बताना चाहिए कि चार साल में बदलाव के नाम पर पंजाब को किस हाल में पहुंचाया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगर सरकार गंभीर है तो मजदूर दिवस पर दिखावे की राजनीति छोड़कर कर्मचारियों के डीए और बकाया के लिए 15,000 करोड़ रुपये तुरंत जारी करे।

 

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए चुग ने कहा कि पंजाब में दोनों दल नूरा कुश्ती खेल रहे हैं। दिल्ली में दोस्ती और पंजाब में विरोध का नाटक कर जनता को गुमराह किया जा रहा है। कांग्रेस पूरी तरह विफल विपक्ष साबित हुई है।

 

चुग ने कहा, “पंजाब जानता है असली गद्दार कौन हैं। गद्दार वे हैं जिन्होंने पंजाब के सपनों को कुचला, खनन माफिया के जरिए 20,000 करोड़ रुपये लूटे, युवाओं का भविष्य छीना।” उन्होंने आगे कहा, “गद्दार वे हैं जिन्होंने 50 महीने बीत जाने के बाद भी महिलाओं को वादा किया गया आर्थिक सहयोग नहीं दिया, हजारों करोड़ का बकाया लटका हुआ है। किसानों से एमएसपी और कर्ज माफी के वादे झूठ साबित हुए। शिक्षा और स्वास्थ्य क्रांति के नाम पर सिर्फ धोखा हुआ।”

 

चुग ने आरोप लगाया कि “आज पंजाब पर 4.75 लाख करोड़ रुपये का कर्ज चढ़ा दिया गया है और राज्य को वर्षों पीछे धकेल दिया गया है।” उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी अपने ही भीतर बिखर रही है।

 

न्यायलय प्रकरण पर केजरीवाल की राजनीति पर निशाना साधते हुए चुग ने कहा, “भारत का लोकतंत्र किसी आरोपित की इच्छा से नहीं चलता, यह संविधान और न्याय प्रक्रिया से चलता है। अदालत तय करेगी कि न्याय कैसे होगा, न कि कोई आरोपित। चुग ने कहा कि पंजाब की जनता सब देख रही है और 2027 में जनता इसका करारा जवाब देगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com