भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर असंतोष एक बार फिर खुलकर सामने आ गया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह (Digvijaya Singh) ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यप्रणाली और नियुक्तियों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी (Jitu Patwari) पर सार्वजनिक मंच से तीखे शब्दों में टिप्पणी की, जिससे पार्टी के अंदरूनी मतभेदों की चर्चा तेज हो गई है।
एससी विभाग की प्रदेश कार्यकारिणी और जिला अध्यक्षों की बैठक के दौरान दिग्विजय सिंह ने संगठनात्मक संतुलन और सामाजिक प्रतिनिधित्व को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि और बसोड़ समाज का प्रतिनिधित्व मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी में पर्याप्त नहीं है और इन समाजों के लोगों को संगठन में शामिल किया जाना चाहिए।
इसी दौरान उन्होंने जीतू पटवारी की एआईसीसी स्तर पर पकड़ का जिक्र करते हुए व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि “आप सदस्यों की नियुक्तियां कर दीजिए… आप तो केसी वेणुगोपाल से जो चाहें लिखवा सकते हैं।” इस दौरान उन्होंने कांग्रेस महासचिव K. C. Venugopal का नाम लेते हुए यह भी कहा कि संगठन में कुछ नेताओं की पकड़ अधिक है, जबकि वरिष्ठ नेताओं की उतनी प्रभावी भूमिका नहीं दिखती।
दिग्विजय सिंह ने आगे कहा कि “जितनी आपकी पकड़ एआईसीसी में है, उतनी हमारी नहीं है, इसलिए इन समुदायों को जोड़ना चाहिए।” उनके इस बयान पर सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच हल्की हंसी और तालियों की गूंज सुनाई दी।
इस बीच, जब जीतू पटवारी ने हल्के अंदाज में कहा कि “मैं आपका ही चेला हूं,” तो दिग्विजय सिंह ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “मेरे चेले हो, लेकिन गुरु रह गया गुड़ और चेला बन गया शक्कर।”
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal