पश्चिम बंगाल पुनर्मतदान : शाम पांच बजे तक 86 प्रतिशत मतदान, फलता में प्रदर्शन

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में शनिवार को डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के चार और मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 बूथों पर पुनर्मतदान शांतिपूर्ण माहौल में हुआ। शनिवार को हुए पुनर्मतदान में शाम 5 बजे तक 86.90 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज हुआ। दाे चरणाें में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

 

निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 15 बूथों पर पुनर्मतदान कराया गया। इनमें शाम पांच बजे तक मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में 86.11 प्रतिशत और डायमंड हार्बर के चार बूथ पर 87.60 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। सुबह 9 बजे तक डायमंड हार्बर में 15.83 और मगराहाट पश्चिम में 16.88 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसके अलावा सुबह 11 बजे तक डायमंड हार्बर में 35.92 और मगराहाट पश्चिम में 38.2 प्रतिशत, दोपहर एक बजे तक डायमंड हार्बर में 54.9 प्रतिशत और मगराहाट पश्चिम में 54.9 प्रतिशत और दोपहर 3 बजे तक 72.43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।

 

गौरतलब है कि, विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मतदान के दौरान मिली गड़बड़ियों की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए निर्वाचन आयोग ने दाे विधानसभा क्षेत्र के 15 बूथाें पर पुनर्मतदान का आदेश दिया था। जिन बूथों पर मतदान हुआ उनमें मगराहाट पश्चिम के बूथ संख्या 46, 126, 127, 128, 142, 214, 215, 216, 230, 231 एवं 232 तथा डायमंड हार्बर के बूथ संख्या 117, 179, 194 और 243 शामिल हैं। प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

 

इस बीच, फलता में सैकड़ों ग्रामीणों ने मतगणना के बाद सुरक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उन्हें क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com