कोलकाता ने आईपीएल के 9 मैचों में दर्ज की तीसरी जीत, हैदराबाद को सात विकेट से हाराया

हैदराबाद : कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने रविवार को खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 45वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को सात विकेट से हरा दिया।

 

हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए एसआरएच पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई और 19 ओवर में 165 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में केकेआर ने 18.2 ओवर में तीन विकेट पर 169 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ कोलकाता के सात अंक हो गए हैं। टीम 9 मैचों में तीन जीत के साथ अंक तालिका में 8वें नंबर पर है। हैदराबाद की 10 मैचों में यह चौथी हार है। टीम 12 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है।

 

166 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर को कप्तान अजिंक्य रहाणे और इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे फिन एलेन ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने तेजी से रन बटोरे। फिन ने चौथे ओवर में दो चौके और दो छक्के जड़ते हुए पारी को तेजी से आगे बढ़ाया। हालांकि, इसी ओवर की आखिरी गेंद पर फिन एक और बड़े शॉट के प्रयास में कैच दे बैठे। फिन ने 13 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 29 रन बनाए। इसके बाद रहाणे और अंगकृष रघुवंशी के बीच शानदार साझेदारी हुई। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी निभाई और टीम को जीत के करीब ले गए। रहाणे 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हुए। रहाणे ने अपनी पारी में 36 गेंदों का सामना किया और चार चौकों और एक छक्के की मदद से 43 रन बनाए। कप्तान का विकेट गिरने के कुछ देर बाद रघुवंशी भी पवेलियन लौट गए। उन्होंने 47 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्कों की मदद से 59 रन बनाए। अंत में रिंकू सिंह और कैमरून ग्रीन ने टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। रिंकू ने नाबाद 22 रन और ग्रीन ने नाबाद 3 रन बनाए।

 

सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से कप्तान पैट कमिंस, शिवांग कुमार और साकिब हुसैन ने एक-एक विकेट लिया।

 

मुकाबले में हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया था। टीम को सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने एक बार फिर अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 44 रन जोड़े। अभिषेक ने 10 गेंदों में 15 रन बनाए। उनका विकेट गिरने के बाद हेड और ईशान किशन ने पारी को तेजी से आगे बढ़ाया। इस दौरान हेड ने 22 गेंदों पर अपनी अर्धशतक भी पूरा किया।

 

हैदराबाद का दूसरा विकेट 105 रन के कुल स्कोर पर गिरा। हेड 28 गेंदों पर नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 61 रन बनाकर आउट हुए। ट्रेविस का विकेट गिरने के बाद हैदराबाद की पारी धीमी हो गई। टीम एक के बाद एक विकेट गिरने से आगे 60 रन ही जोड़ पाई। टीम पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई और 19 ओवर में 165 रन पर ऑलआउट हो गई। हेड के अलावा किशन ने 29 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 42 रन की पारी खेली। इनके अलावा अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया।

 

केकेआर के लिए वरुण चक्रवर्ती ने तीन विकेट लिए। सुनील नरेन और कार्तिक त्यागी को दो-दो विकेट मिले, जबकि वैभव अरोड़ा, कैमरून ग्रीन और अनुकूल रॉय को एक-एक सफलता मिली।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com