दिल्ली कैबिनेट : वोकेशनल शिक्षकों के वेतन में बढ़ोतरी को मंजूरी

नई दिल्ली : दिल्ली सरकार ने वोकेशनल शिक्षकों का वेतन बढ़ाकर 38,100 रुपये और समग्र शिक्षा अभियान के तहत संचालित केंद्रों में पढ़ाने वाले शिक्षकों का वेतन 35,420 रुपये प्रति माह करने को मंजूरी दी है।

 

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में मंगलवार को आयोजित कैबिनेट में वोकेशनल शिक्षकों व समग्र शिक्षा अभियान के तहत संचालित विशेष प्रशिक्षण केंद्रों में कार्यरत शिक्षकों के वेतन में भी महत्वपूर्ण वृद्धि को मंजूरी दी गई। इन केंद्रों में उन बच्चों को शिक्षा से जोड़ा जाता है, जो किसी कारणवश स्कूल नहीं जा पाए या अन्य कारणों से स्कूल छोड़ गए।

 

दिल्ली सचिवालय में आयोजित कैबिनेट में हुए इस निर्णय की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में करीब 1,131 वोकेशनल शिक्षक कई विधाओं की ट्रेनिंग देते हैं। इनका वेतन बढ़ाकर 38,100 रुपये किया जा रहा है। पहले इन्हें 20,000 से लेकर 23,000 रुपये ही मिलते थे। वहीं, समग्र शिक्षा अभियान के तहत वर्तमान में संचालित कुल 784 केंद्रों में पढ़ाने वाले शिक्षकों के वेतन में भी वृद्धि की गई है। इन केंद्रों में तैनात सभी शिक्षकों का वेतन 21,000 रुपये प्रति माह से बढ़ाकर 35,420 रुपये प्रति माह कर दिया गया है। इन केंद्रों में स्कूल से बाहर (आउट ऑफ स्कूल) बच्चों को शिक्षा से जोड़ा जाता है और उन्हें मुख्यधारा में लाने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब समग्र शिक्षा अभियान के शिक्षकों को प्राइमरी और अपर प्राइमरी शिक्षकों के बराबर वेतन मिलेगा। यह निर्णय केवल वेतन वृद्धि नहीं है, बल्कि उन शिक्षकों के समर्पण और मेहनत का सम्मान है, जो चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का काम कर रहे हैं। इन सभी शिक्षकों के वेतन में बढ़ोतरी होने से न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि उनका मनोबल भी बढ़ेगा। जब शिक्षक संतुष्ट और प्रेरित होंगे, तभी वे बच्चों को बेहतर गुणवत्ता की शिक्षा दे पाएंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com