आईसीसी टी-20 रैंकिंग अपडेट: भारत और ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर बरकरार, कई टीमों की रैंकिंग में बदलाव

नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ओर से मंगलवार को जारी ताजा वार्षिक अपडेट के बाद पुरुष और महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय टीम रैंकिंग में भारत और ऑस्ट्रेलिया ने क्रमशः अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। इस अपडेट में मई 2025 के बाद खेले गए मैचों को पूर्ण महत्व और पिछले दो वर्षों के मुकाबलों को आंशिक महत्व दिया गया है।

 

पुरुष रैंकिंग में भारत 275 अंकों के साथ पहले स्थान पर कायम है, हालांकि दूसरे स्थान पर मौजूद इंग्लैंड के साथ उसका अंतर अब 14 से घटकर 13 अंक रह गया है। इंग्लैंड 262 अंकों के साथ दूसरे और ऑस्ट्रेलिया 258 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। शीर्ष सात टीमों की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान और वेस्टइंडीज ने अपने-अपने स्थान बरकरार रखे हैं।

 

इस अपडेट में बांग्लादेश एक स्थान ऊपर चढ़कर आठवें स्थान पर पहुंच गया है, जबकि श्रीलंका छह अंक गंवाकर नौवें स्थान पर खिसक गया है। अफगानिस्तान दसवें स्थान पर बना हुआ है। अमेरिका ने नीदरलैंड और स्कॉटलैंड को पीछे छोड़ते हुए 13वां स्थान हासिल किया है। नेपाल ने संयुक्त अरब अमीरात को पीछे छोड़ते हुए 17वां स्थान प्राप्त किया, जबकि ओमान 19वें स्थान पर पहुंच गया है।

 

अन्य उल्लेखनीय बदलावों में इटली ने 11 अंकों की बढ़त के साथ 23वां स्थान हासिल किया, स्पेन 12 अंकों की बढ़त के साथ 26वें स्थान पर पहुंचा, साइप्रस और इस्वातिनी ने भी उल्लेखनीय प्रगति की। दूसरी ओर, मोजाम्बिक को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ और वह 15 स्थान गिरकर 87वें स्थान पर पहुंच गया।

 

महिला टी-20 रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया 287 अंकों के साथ पहले स्थान पर कायम है, हालांकि इंग्लैंड के साथ उसका अंतर 18 से घटकर 12 अंक रह गया है। इंग्लैंड 275 अंकों के साथ दूसरे और भारत 264 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर बना हुआ है।

 

महिला रैंकिंग में शीर्ष 16 टीमों की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज क्रमशः चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर हैं। श्रीलंका सातवें स्थान पर रहते हुए शीर्ष टीमों के करीब पहुंच गया है, जबकि बांग्लादेश ने भी सुधार करते हुए आयरलैंड के करीब पहुंच बना ली है।

 

अमेरिका ने महिला रैंकिंग में दो स्थान की छलांग लगाकर 20वां स्थान हासिल किया है वहीं जर्मनी ने छह स्थान ऊपर चढ़ते हुए 29वां स्थान प्राप्त किया है।

 

इस अपडेट के बाद पुरुष वर्ग में कुल 98 और महिला वर्ग में 78 टीमों को रैंकिंग में शामिल किया गया है। कुछ टीमें न्यूनतम मैच न खेलने के कारण रैंकिंग से बाहर हो गई हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com