जयपुर में संयुक्त कमांडर सम्मेलन 7 मई को, सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा होगी

जयपुर : जयपुर मिलिट्री स्टेशन स्थित मुख्यालय दक्षिण पश्चिमी कमान में संयुक्त कमांडरों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सुरक्षा सम्मेलन में देश की सैन्य रणनीति, समन्वय और सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रक्षा मंत्री होंगे, जबकि चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) और थल, जल एवं वायु सेना के प्रमुख भी इसमें भाग लेंगे।

 

सम्मेलन का मुख्य कार्यक्रम 7 मई को होगा। सुबह 9 बजे मुख्यालय दक्षिण पश्चिमी कमान में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीडीएस अनिल चौहान और तीनों सेनाओं के प्रमुखों की उपस्थिति में ग्रुप फोटो सेशन और संयुक्त कमांडरों के सम्मेलन का औपचारिक आयोजन किया जाएगा।

 

इसी दिन सुबह 10:45 बजे सप्त शक्ति ऑडिटोरियम में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ के अवसर पर विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम में रक्षा और सैन्य उपलब्धियों पर प्रकाश डाला जाएगा।

 

रक्षा जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन ने बताया कि सम्मेलन को लेकर जयपुर मिलिट्री स्टेशन में सुरक्षा और प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। हल्दीघाटी गेट और सप्त शक्ति गेट से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए विशेष समन्वय व्यवस्था बनाई गई है।

 

यह सम्मेलन देश की सामरिक तैयारियों, सैन्य समन्वय और राष्ट्रीय सुरक्षा नीति के दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें उच्चस्तरीय सैन्य नेतृत्व भविष्य की रणनीतियों पर मंथन करेगा।

 

भारतीय सेना ने 7 मई, 2025 को पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया था। तब पाकिस्तान से लगती लंबी सीमा, सैन्य ठिकानों की मौजूदगी और सीमावर्ती जिलों की संवेदनशीलता के कारण ऑपरेशन सिंदूर का प्रमुख केंद्र राजस्थान रहा था। ऐसे में सेना ने फिर ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ मनाने के लिए राजस्थान को चुना है। कार्यक्रम में ऑपरेशन से जुड़ी फिल्म भी रिलीज की जाएगी।

 

—————

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com