रवींद्र जयंती पर हाेगा पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह : शमिक भट्टाचार्य

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में भारी मतों से जीतने के बाद नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह काे भव्य बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। बुधवार काे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद शमिक भट्टाचार्य ने ब्रिगेड परेड मैदान में भव्य शपथ ग्रहण समारोह की घोषणा की। उन्हाेंने बताया कि इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई वरिष्ठ नेता और करीब 20 राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हाेंगे।

 

शमिक भट्टाचार्य ने बताया कि आगामी 9 मई को रविंद्र जयंती के अवसर पर काेलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में राज्य के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें देश की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। इससे पहले आठ मई की शाम भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाई गई है, जिसमें विधायक दल के नेता का चयन किया जाएगा।

 

शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर भाजपा नेतृत्व सक्रिय हो गया है। इस सिलसिले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, राष्ट्रीय महासचिव और अन्य नेता कोलकाता पहुंचे, जहां उन्होंने राज्य के मुख्य सचिव के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की। इस दौरान उनके साथ प्रदेश भाजपा के नेता ज्योतिर्मय महतो और सौमित्र खां भी मौजूद रहे।

 

नवान्न पहुंचने से पहले शमिक भट्टाचार्य ने चुनाव के बाद हो रही हिंसा पर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने साफ कहा कि वोट के बाद किसी भी तरह की हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भाजपा में तृणमूल जैसी राजनीतिक संस्कृति को जगह नहीं मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति भाजपा का झंडा लेकर किसी पर हमला करता है, तो उसकी जिम्मेदारी फिलहाल पार्टी नहीं लेगी, क्योंकि अभी भाजपा सत्ता में नहीं आई है।

 

राज्य में एक ओर जहां नई सरकार के गठन और शपथ ग्रहण की तैयारियां जोरों पर हैं, वहीं दूसरी ओर चुनाव बाद की हिंसा को लेकर सियासत भी तेज हो गई है।

 

—————

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com