बाड़मेर सीमा पर पाकिस्तानी युवक घुसपैठ करते पकड़ा गया, सुरक्षा एजेंसियां कर रहीं पूछताछ

बाड़मेर : राजस्थान के बाड़मेर जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ का मामला सामने आया है। बीती रात पाकिस्तान का एक युवक भारतीय सीमा में अवैध रूप से प्रवेश कर करीब आठ किलोमीटर अंदर तक पहुंच गया। सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने सरूपे का तला क्षेत्र स्थित अशोका पोस्ट के पास उसे गिरफ्तार कर लिया।

 

चौहटन डीएसपी जेठाराम के अनुसार पकड़ा गया युवक पाकिस्तान के मीठी शहर निवासी आवेश (26) पुत्र हजूर खान है। युवक के पास से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर उससे लगातार पूछताछ जारी है।

 

घुसपैठ की सूचना मिलते ही बीएसएफ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और सीमा क्षेत्र के करीब 10 किलोमीटर इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि युवक किसी विशेष मकसद से सीमा पार कर आया था या नहीं।

 

करीब एक महीने पहले बाड़मेर पुलिस ने पाकिस्तान से मेटाफेटामाइन (क्रिस्टल मेथ) ड्रग्स की सप्लाई के मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। जांच में खुलासा हुआ था कि पाकिस्तानी तस्कर स्वयं तारबंदी पार कर भारतीय सीमा में घुसा था और ड्रग्स को रेत में दबाकर उसकी लोकेशन भारतीय तस्करों को भेजी थी।

 

इस घटना के बाद सीमा क्षेत्र में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी गई थी। सीमा पर लगातार बढ़ती तस्करी और घुसपैठ की घटनाओं को देखते हुए इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। बीएसएफ, स्थानीय पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से आरोपित से पूछताछ कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके भारत में प्रवेश के पीछे क्या उद्देश्य था।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com