भाजपा विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी बोले- ‘चरैवेति’ मंत्र के साथ आगे बढ़ेंगे

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद के लिए चुने जाने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार का मंत्र “चरैवेति” होगा, जिसका अर्थ है लगातार आगे बढ़ते रहना। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम करेंगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों का बंगाल बनाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा।

 

न्यू टाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में भाजपा के विजयी विधायकों की बैठक के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद अपने पहले संबोधन में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री शाह और पार्टी के अन्य नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने जनता को जो ‘गारंटी’ दी है, नई भाजपा सरकार उसे पूरा करने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का सिद्धांत “मैं नहीं, हम” होगा और कम बोलकर ज्यादा काम करने पर जोर दिया जाएगा।

 

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चुनाव के दौरान जिन मुद्दों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया था, उन्हें पूरा किया जाएगा। महिलाओं पर अत्याचार और संस्थागत भ्रष्टाचार के मामलों की जांच के लिए आयोग गठित किया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

 

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य में भाजपा को इस बार करीब 46 प्रतिशत वोट मिले हैं और अगले चुनाव में इसे 60 प्रतिशत से अधिक करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक काम और संकल्प पत्र को लागू कर जनता का विश्वास और मजबूत किया जाएगा।

 

उन्होंने अंत में कहा कि केंद्र और राज्य की “डबल इंजन सरकार” मिलकर काम करेगी और बंगाल को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाएगी।

 

उल्लेखनीय है कि शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी उपस्थित रहने की संभावना है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com