कोलकाता : पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के नाम पर मुहर लगने के बाद आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूरे ‘फॉर्म’ में नजर आए। उन्होंने न केवल बंगाल की जीत का जश्न मनाया, बल्कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और उनके ‘वोट चोरी’ वाले आरोपों की धज्जियां उड़ा दीं। शाह ने एक-एक कर उन राज्यों के नाम गिनाए जहां कांग्रेस दशकों से मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए तरस रही है।
राहुल गांधी के आरोपों पर अमित शाह का पलटवार
अमित शाह ने राहुल गांधी पर हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस को पता चल गया है कि वे चुनाव नहीं जीत सकते, तो वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को ही बदनाम करने में जुट गए हैं। शाह ने तंज कसते हुए कहा:
राहुल गांधी अपनी हार छिपाने के लिए कभी EVM, कभी मतदाता सूची, तो कभी वोट चोरी जैसे कीचड़ उछालने की कोशिश करते हैं। लेकिन उन्हें असलियत देखनी चाहिए।
दशकों का हिसाब: इन राज्यों में ‘लापता’ है कांग्रेस के सीएम
अमित शाह ने मंच से उन राज्यों की लिस्ट पेश की, जहां कांग्रेस का मुख्यमंत्री सालों-सालों से नहीं बना है। उन्होंने पूछा कि क्या इन राज्यों में भी ‘वोट चोरी’ हुई थी?
शुभेंदु की तारीफ: ‘दीदी को उनके घर में हराया’
अमित शाह ने मुख्यमंत्री के रूप में चुने गए शुभेंदु अधिकारी की जमकर सराहना की। उन्होंने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली बार शुभेंदु ने उन्हें नंदीग्राम में हराया था, लेकिन इस बार तो उन्होंने ‘दीदी’ को उनके अपने घर (भवानीपुर) में धूल चटा दी है। उन्होंने भवानीपुर की जनता का विशेष आभार व्यक्त किया।
कांग्रेस को दी ‘आत्मचिंतन’ की सलाह
गृह मंत्री ने कहा कि देश की जनता राहुल गांधी के नेतृत्व को लगातार नकार रही है और हर जगह कांग्रेस के खिलाफ बहुमत दे रही है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में ही विपक्षी गठबंधन के टूटने की शुरुआत हो चुकी है और अब कांग्रेस को दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय आत्मचिंतन करना चाहिए।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal