चेन्नई : तमिलनाडु की सियासत में शनिवार को वह ऐतिहासिक क्षण आ गया, जिसका इंतजार करोड़ों प्रशंसक और राजनीतिक विश्लेषक कर रहे थे। अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) ने राज्य में सरकार बनाने के लिए आवश्यक बहुमत हासिल कर लिया है। विदुथलाई चिरुथिगल काची (VCK) द्वारा बिना शर्त समर्थन देने के ऐलान के साथ ही विजय के मुख्यमंत्री बनने की सभी बाधाएं दूर हो गई हैं। 234 सदस्यीय विधानसभा में अब विजय के पास स्पष्ट जनादेश है।
ऐतिहासिक पदार्पण: 108 सीटों के साथ बनी सबसे बड़ी पार्टी
पहली बार चुनावी समर में उतरी विजय की पार्टी ने तमिलनाडु के पारंपरिक राजनीतिक समीकरणों को ध्वस्त कर दिया है। टीवीके ने 108 सीटों पर शानदार जीत दर्ज कर सबको चौंका दिया। हालांकि, सरकार बनाने के लिए 118 के आंकड़े की जरूरत थी, जिससे पार्टी महज 10 सीटें दूर रह गई थी। लेकिन चुनाव बाद बने नए गठजोड़ ने विजय को सत्ता के शिखर तक पहुंचा दिया है।
कांग्रेस और वामपंथी दलों ने पहले ही थाम लिया था हाथ
नतीजों के बाद सबसे पहले कांग्रेस ने अपने 5 विधायकों का समर्थन पत्र विजय को सौंपा। इसके बाद सीपीआई (CPI) और सीपीआई-एम (CPI-M) ने भी अपने 2-2 विधायकों का समर्थन देकर विजय की दावेदारी को मजबूत किया। इन दलों के साथ आने से टीवीके का आंकड़ा 117 तक पहुंच गया था, जिससे वह बहुमत से मात्र एक कदम दूर रह गई थी।
वीसीके और आईयूएमएल के समर्थन से पलटी बाजी
शनिवार शाम वीसीके (VCK) की अहम बैठक के बाद पार्टी प्रमुख थोल. थिरुमावलवन ने विजय को समर्थन देने का फैसला किया। वीसीके के 2 विधायकों के समर्थन के साथ ही यह संख्या 119 हो गई। इसके बाद इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) ने भी अपना रुख बदलते हुए समर्थन दे दिया, जिससे विजय के पक्ष में अब कुल 120 विधायकों का समर्थन हो गया है।
राज्यपाल से मिलेंगे विजय, 10 मई को शपथ की संभावना
तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विजय को बहुमत साबित करने के लिए 10 मई तक का समय दिया था। अब बहुमत का पुख्ता पत्र तैयार होने के बाद विजय जल्द ही राजभवन जाकर सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश करेंगे। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि 10 मई को भव्य समारोह में विजय तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal