6 दशक बाद बदली तमिलनाडु की सत्ता, आज हो रहा विजय का राज तिलक.. शपथ ग्रहण में शामिल होंगे राहुल गांधी

Vijay Oath Ceremony LIVE : तमिलनाडु की राजनीति में आज ऐतिहासिक दिन माना जा रहा है। तमिलगा वेट्री कझगम के अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय रविवार सुबह 10 बजे चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ नौ अन्य मंत्री भी पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। लगभग छह दशकों से राज्य की राजनीति में बारी-बारी से सत्ता संभाल रही द्रविड़ मुनेत्र कड़गम और अन्नाद्रमुक के प्रभुत्व के बीच पहली बार किसी नई पार्टी के नेता के हाथों में सत्ता आने जा रही है।

 

शपथ ग्रहण समारोह को लेकर चेन्नई में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। स्टेडियम के बाहर सुबह से ही विजय समर्थकों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई। बड़ी संख्या में लोग पार्टी के झंडे और पोस्टर लेकर पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम के आसपास यातायात पर विशेष पाबंदियां लागू की गई हैं। स्टेडियम की ओर जाने वाली कई सड़कों को आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है और केवल अधिकृत वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।

 

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी विजय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इसके अलावा कई राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दलों के नेताओं के भी कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना है।

 

तमिलगा वेट्री कझगम ने विधानसभा चुनाव में २३४ में से १०८ सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने में सफलता हासिल की थी, लेकिन बहुमत से पीछे रह गई थी। इसके बाद सरकार गठन को लेकर राज्य में कई दिनों तक राजनीतिक अनिश्चितता बनी रही। शनिवार शाम विदुथलाई चिरुथाइगल काची और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के समर्थन के बाद टीवीके गठबंधन का आंकड़ा १२० तक पहुंच गया और सरकार गठन का रास्ता साफ हो गया।

 

राज्यपाल ने विजय को मुख्यमंत्री नियुक्त करते हुए १३ मई या उससे पहले विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने का निर्देश दिया है। विजय कांग्रेस समेत सहयोगी दलों के समर्थन से गठबंधन सरकार का नेतृत्व करेंगे।

 

डीएमके प्रवक्ता टीकेएस एलंगोवन ने कहा कि अब यह देखना दिलचस्प होगा कि विजय की सरकार किस तरह काम करती है और जनता से किए गए वादों को कैसे पूरा करती है। वहीं डीएमके के प्रवक्ता ए. सरवनन ने दावा किया कि पार्टी प्रमुख एम.के. स्टालिन ने संवैधानिक संकट से बचने के लिए सहयोगी दलों को टीवीके का समर्थन करने के लिए तैयार किया।

 

कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने विजय की तारीफ करते हुए उन्हें “तमिलनाडु के क्षितिज पर उभरता नया और दमदार सितारा” बताया। कांग्रेस सांसद मानिकम टैगोर ने कहा कि तमिलनाडु अब बदलाव और नई उम्मीद की ओर देख रहा है।

 

शपथ ग्रहण से पहले विजय के परिवार में भी उत्साह का माहौल है। विजय के पिता और प्रसिद्ध निर्देशक एस.ए. चंद्रशेखर ने कहा कि यह उनके लिए गर्व और खुशी का क्षण है। वहीं टीवीके की नवनिर्वाचित विधायक एस. कीर्तना ने कहा कि आज तमिलनाडु और राज्य की जनता के लिए बेहद बड़ा दिन है, जिसका लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था।

 

फिल्मों से राजनीति में आए 59 वर्षीय विजय का मुख्यमंत्री बनना तमिलनाडु की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि नई सरकार जनता की उम्मीदों पर कितना खरा उतर पाती है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com