शाजापुर में दर्दनाक हादसा: आगरा-मुंबई हाईवे पर खड़ी यात्री बस में लगी भीषण आग, जिंदा जला 4 साल का मासूम

Shajapur Tragic Accident : मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। मक्सी के पास एक होटल के बाहर खड़ी यात्री बस में अचानक आग लग गई। हादसे के समय अधिकतर यात्री होटल में चाय-नाश्ता करने उतरे हुए थे, जबकि कुछ लोग बस में मौजूद थे। आग लगते ही बस में बैठे यात्रियों ने किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाई, लेकिन एक 4 वर्षीय बच्चा अंदर ही फंस गया।

 

देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में बस जलकर खाक हो गई। जब फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और बस की तलाशी ली गई, तब अंदर से मासूम बच्चे का जला हुआ कंकाल बरामद हुआ। इस घटना से मौके पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही शाजापुर, मक्सी और तराना से दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई है। बताया जा रहा है कि बस में आपातकालीन द्वार नहीं था। साथ ही बस में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक का सामान रखा हुआ था, जिससे आग तेजी से फैल गई। आग इतनी भयानक थी कि बच्चे को बचाने का किसी को मौका नहीं मिल सका।

 

पुलिस ने बच्चे के अवशेष कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे के बाद एक बार फिर निजी बसों में सुरक्षा नियमों की अनदेखी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अक्सर ऐसे हादसों के बाद कार्रवाई होती है, लेकिन कुछ समय बाद फिर नियमों की अनदेखी शुरू हो जाती है, जिससे यात्रियों की जान खतरे में पड़ती रहती है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com