कोटा रेल मंडल में बड़ा हादसा: हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस के कोच में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

कोटा : कोटा रेल मंडल में रविवार अल सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में भीषण आग लग गई। ट्रेन त्रिवेंद्रम से नई दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन जा रही थी। हादसा विक्रमगढ़ आलोट और लूनीरिचा रेलवे स्टेशनों के बीच हुआ, जहां आग ने देखते ही देखते ट्रेन के थर्ड एसी और एसएलआर कोच को अपनी चपेट में ले लिया।

 

घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय रेलवे के कोटा मंडल में हड़कंप मच गया और कोटा रेलवे स्टेशन पर हूटर बजाकर आपातकालीन व्यवस्था सक्रिय की गई। मेडिकल टीम और राहत-बचाव दल को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

 

कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ डीसीएम सौरभ जैन ने बताया कि सूचना मिलते ही दुर्घटना राहत ट्रेन को कोटा से भेजा गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। जिस कोच में आग लगी थी, वहां मौजूद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उनके सामान को दूसरे डिब्बों में शिफ्ट किया जा रहा है।

 

बताया जा रहा है कि हादसे के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। अचानक कोच से धुआं उठता देख यात्रियों में दहशत फैल गई। ट्रेन रुकते ही लोग जल्दबाजी में नीचे उतरने लगे। इस दौरान कई यात्रियों का सामान ट्रेन में ही रह गया।

 

मौके पर पहुंचे रेलवे कर्मचारियों ने एहतियात के तौर पर तुरंत ओएचई (बिजली सप्लाई) बंद करवा दी, जिसके चलते इस रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन कुछ समय के लिए प्रभावित हो गया। रेलवे अधिकारियों और पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

 

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि रेलवे अधिकारी वास्तविक कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com