नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी पांच देशों की छह दिवसीय विदेश यात्रा के तीसरे दिन रविवार को नीदरलैंड से स्वीडन पहुंचे। स्वीडन में प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी यात्रा का उद्देश्य भारत और स्वीडन के बीच व्यापार, निवेश, नवाचार और रक्षा सहयोग को और मजबूत करना है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि वह स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच भारत-स्वीडन मित्रता को नई दिशा देने पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, नवाचार और रक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष ध्यान रहेगा।
प्रधानमंत्री ने अपने एक अन्य संदेश में कहा कि वह स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लेयेन के साथ ‘यूरोपीय व्यापार गोलमेज सम्मेलन’ में यूरोप के प्रमुख उद्योगपतियों और व्यापारिक नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि इस बैठक से भारत और यूरोप के बीच निवेश संबंधों को और मजबूती मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और यूरोप के बीच आर्थिक साझेदारी को नए अवसर प्रदान करने के लिए यह बैठक महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस यात्रा से भारत और स्वीडन के संबंधों को नई गति मिलेगी।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal