भुवनेश्वर में 19 मई को होगा पूर्वी क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन, किसानों की आय बढ़ाने और कृषि विकास पर होगा मंथन

नई दिल्ली : कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय 19 मई को भुवनेश्वर में पूर्वी क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन आयोजित करने जा रहा है। इस महत्वपूर्ण सम्मेलन की अध्यक्षता केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। सम्मेलन में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी समेत विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक, किसान प्रतिनिधि, कृषि विशेषज्ञ, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ), स्टार्टअप, बैंक और अन्य हितधारक भाग लेंगे।

 

सोमवार को मंत्रालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य कृषि क्षेत्र के समग्र विकास, किसानों की आय में वृद्धि और केंद्र एवं राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। इसके साथ ही कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी।

 

सम्मेलन के दौरान किसान रजिस्ट्री की प्रगति, बागवानी क्षेत्र की संभावनाएं, दलहन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता मिशन, राष्ट्रीय खाद्य तेल-तिलहन मिशन, पीएम-आशा, राष्ट्रीय प्राकृतिक कृषि मिशन, फार्म क्रेडिट और किसान क्रेडिट कार्ड जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।

 

इसके अलावा नकली कीटनाशकों और उर्वरकों पर नियंत्रण, उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने, संतुलित उर्वरक उपयोग को बढ़ावा देने और वैकल्पिक उर्वरकों के इस्तेमाल जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। मंत्रालय का मानना है कि इन विषयों पर राज्यों के बीच समन्वय और अनुभव साझा करने से कृषि क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी।

 

सम्मेलन में विभिन्न राज्यों द्वारा कृषि क्षेत्र में अपनाए गए सफल नवाचारों और मॉडल की प्रस्तुति भी दी जाएगी। ओडिशा कृषि विस्तार कार्यों की उपलब्धियों को साझा करेगा, जबकि पश्चिम बंगाल बीज उत्पादन की उन्नत पद्धतियों की जानकारी देगा। वहीं झारखंड एफपीओ आधारित मूल्य श्रृंखला और कृषि स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़े अपने अनुभव साझा करेगा। बिहार मक्का उत्पादन और विपणन के सफल मॉडल प्रस्तुत करेगा।

 

मंत्रालय के अनुसार, यह सम्मेलन किसानों के हित में कृषि क्षेत्र की चुनौतियों के समाधान, नवाचारों के आदान-प्रदान और सतत कृषि विकास की भविष्य की रणनीति तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। सम्मेलन के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मीडिया को भी संबोधित करेंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com