आर्सेनल ने जीता प्रीमियर लीग 2025-26 का खिताब, मैनचेस्टर सिटी की ड्रॉ के बाद हुई पुष्टि

नई दिल्ली : आर्सेनल ने प्रीमियर लीग 2025-26 का खिताब अपने नाम कर लिया है। बुधवार को मैनचेस्टर सिटी और बोर्नमाउथ के बीच मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त होने के बाद आर्सेनल की ट्रॉफी जीत पक्की हो गई।

 

इस ड्रॉ के बाद पेप गार्डियोला की टीम मैनचेस्टर सिटी के 78 अंक हो गए हैं, जबकि आर्सेनल के 82 अंक हैं। लीग में अब सिर्फ एक मुकाबला बचा है, ऐसे में सिटी अब आर्सेनल को पीछे नहीं छोड़ सकती।

 

आर्सेनल ने पिछली बार 2003-04 सीजन में प्रीमियर लीग का खिताब जीता था। उस ऐतिहासिक ‘इनविंसिबल’ सीजन में टीम ने आर्सेन वेंगर की कोचिंग में पूरे सीजन में एक भी मैच नहीं गंवाया था।

 

इस सीजन आर्सेनल के लिए विक्टर ग्योकेरेस ने सबसे ज्यादा 14 गोल किए। वहीं मार्टिन ओडेगार्ड और लिएंड्रो ट्रोसार्ड ने छह-छह असिस्ट देकर टीम की सफलता में अहम योगदान दिया।

 

गोलकीपर डेविड राया ने 19 क्लीन शीट के साथ लगातार तीसरी बार गोल्डन ग्लव अवॉर्ड अपने नाम किया।

 

यह आर्सेनल के मुख्य कोच मिकेल आर्टेटा का भी पहला लीग खिताब है। आर्टेटा ने 2019 में क्लब की कमान संभाली थी। इससे पहले वह साढ़े तीन वर्षों तक पेप गार्डियोला के सहायक कोच रहे थे।

 

प्रीमियर लीग खिताब जीतने के बाद अब आर्सेनल की नजर यूईएफए चैंपियंस लीग 2025-26 के फाइनल पर होगी, जहां उसका सामना मौजूदा चैंपियन पेरिस सेंट-जर्मेन से होगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com