अमेठ में बाेले राहुल गांधी- देश में महंगाई, बेरोजगारी और प्रधानमंत्री विदेश में रील बनाने में व्यस्त

अमेठी : उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद मुख्यालय गौरीगंज बाईपास स्थित मैदान पर आयोजित जनसभा में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी ने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।

 

सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने मीडिया पर भी तंज कसते हुए कहा कि अब प्रेस में बदलाव दिखाई देने लगा है, क्योंकि उन्हें लग रहा है कि मोदी सरकार की विदाई का समय नजदीक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इटली दौरे और वहां की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ वायरल एक वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि जब देश महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रहा है, तब प्रधानमंत्री विदेश में रील बनाने में व्यस्त हैं।

 

राहुल गांधी ने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं तथा किसानों को खाद की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने दावा किया कि ईरान और हॉर्मुज क्षेत्र में बढ़ते तनाव का असर भारत की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा और आने वाले समय में बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने कहा कि इसका सबसे ज्यादा असर गरीबों, किसानों, मजदूरों और युवाओं पर पड़ेगा। कांग्रेस नेता ने नोटबंदी और जीएसटी को लेकर भी केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नोटबंदी और गलत जीएसटी लागू कर छोटे व्यापारियों और मजदूरों को बर्बाद कर दिया गया। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार ने बड़े उद्योगपतियों अडानी और अंबानी को फायदा पहुंचाने के लिए आम जनता की मेहनत की कमाई को कमजोर किया है।

 

सभा के दौरान राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग, न्यायपालिका और विश्वविद्यालयों पर दबाव बनाकर लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। राहुल गांधी ने अमेठी को अपनी कर्मभूमि बताते हुए कहा कि अमेठी की जनता से उनका रिश्ता राजनीति का नहीं बल्कि प्यार और विश्वास का है, जिसे वह जीवनभर नहीं भूलेंगे। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और मोना मिश्रा सहित कई कांग्रेस नेता, सांसद और विधायक मंच पर मौजूद रहे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com