एस्टन विला 30 साल बाद बना यूरोपा लीग चैंपियन, फ्रीबर्ग को 3-0 से हराकर जीता खिताब

नई दिल्ली : यूरोपियन फुटबॉल में एस्टन विला ने 30 साल के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए 2025-26 यूरोपा लीग का खिताब अपने नाम कर लिया। बुधवार रात खेले गए फाइनल मुकाबले में एस्टन विला ने जर्मनी के फ्रीबर्ग को एकतरफा अंदाज में 3-0 से हराया।

 

तुर्की के तुप्रास स्टेडियम में खेले गए फाइनल में एस्टन विला ने शुरुआत से ही मैच पर नियंत्रण बनाए रखा। टीम ने लगातार गेंद पर कब्जा रखते हुए फ्रीबर्ग की मजबूत डिफेंस पर दबाव बनाया। पहले हाफ में काफी देर तक गोल नहीं हुआ, लेकिन 41वें मिनट में टीम को सफलता मिल गई।

 

शॉर्ट कॉर्नर पर शानदार मूव के बाद मॉर्गन रोजर्स ने बॉक्स में क्रॉस दिया, जिस पर यूरी टिलेमंस ने बेहतरीन वॉली लगाकर गेंद को नेट में पहुंचा दिया और एस्टन विला को 1-0 की बढ़त दिलाई।

 

पहले हाफ के इंजरी टाइम में एमिलियानो बुएंदिया ने शानदार कर्लिंग शॉट लगाकर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। इसके बाद एस्टन विला ने मैच पर पूरी पकड़ बना ली।

 

दूसरे हाफ के 58वें मिनट में बुएंदिया ने खतरनाक क्रॉस दिया, जिस पर मॉर्गन रोजर्स ने गोल करते हुए स्कोर 3-0 कर दिया। इसके बाद फ्रीबर्ग वापसी नहीं कर सका और एस्टन विला ने आसानी से मुकाबला जीत लिया।

 

एस्टन विला का यह 1996 के बाद पहला बड़ा खिताब है। इससे पहले टीम ने लीड्स यूनाइटेड को हराकर लीग कप जीता था। पिछले तीन दशकों में क्लब कई बार करीब पहुंचा, लेकिन ट्रॉफी जीतने में सफल नहीं हो पाया था।

 

कोच उनाई एमरी की अगुवाई में टीम ने इस सीजन शानदार प्रदर्शन किया। लीग चरण में एस्टन विला दूसरे स्थान पर रहा और नॉकआउट चरण में लिली, बोलोनिया और नॉटिंघम फॉरेस्ट को हराकर फाइनल में जगह बनाई।

 

फाइनल में यूरी टिलेमंस, मॉर्गन रोजर्स और एमिलियानो बुएंदिया टीम की जीत के हीरो रहे। वहीं गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज ने शानदार गोलकीपिंग करते हुए क्लीन शीट दर्ज की।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com