भोपाल में आज आईबीसीए प्री-समिट इवेंट का केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव करेंगे शुभारंभ

भोपाल : अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस 2026 के अवसर पर आज मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस (आईबीसीए) प्री-समिट इवेंट का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में हो रहे इस कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव की अध्यक्षता में होगा।

 

जनसम्पर्क अधिकारी केके जोशी ने बताया कि केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण, मध्य प्रदेश शासन, इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस तथा भारतीय वन प्रबंधन संस्थान द्वारा संयुक्त रूप से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। भारतीय वन प्रबंधन संस्थान (आईआईएफएम) ऑडिटोरियम में हो रहे इस प्री-समिट इवेन्ट में केंद्रीय पर्यावरण और वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री कीर्ति वर्धन सिंह और मप्र के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

 

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम से पहले केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव और मुख्यमंत्री डॉ. यादव वन विभाग द्वारा आयोजित 20 बाइक एवं एक रेस्क्यू ट्रक को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम में जैव विविधता संरक्षण, वन्यजीव संवर्धन तथा विशेष रूप से बिग कैट संरक्षण के विभिन्न आयामों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस के महानिदेशक डॉ. एस.पी. यादव आईबीसीए की गतिविधियों एवं उद्देश्यों पर प्रस्तुति देंगे। साथ ही मध्य प्रदेश वन विभाग द्वारा भारत में चीता पुनर्स्थापन अभियान पर विशेष प्रस्तुति भी दी जाएगी।

 

आईईसी सामग्री का होगा विमोचन

 

कार्यक्रम में जैव विविधता एवं संरक्षण से संबंधित अनेक प्रकाशनों और डिजिटल पहलों का विमोचन एवं लोकार्पण किया जाएगा। इनमें डाक टिकट, ‘इंडियाज बायोडायवर्सिटी रिपोर्ट 2026’, नागोया प्रोटोकॉल पर भारत की पहली राष्ट्रीय रिपोर्ट तथा एबीएस एंड-टू-एंड वेब पोर्टल शामिल हैं। इसके साथ ही एक्सेस एंड बेनिफिट शेयरिंग, अमरकंटक बायोडायवर्सिटी हेरिटेज साइट तथा मध्यप्रदेश के पवित्र वनों के संरक्षण पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com