Google Pay से ली 45,000 की रिश्वत, हत्या के आरोपी को कोर्ट से भगा दिया, 3 आरोपी पुलिसकर्मी गिरफ्तार

Maharashtra : महाराष्ट्र के वसई से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां 16 साल पुराने हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट परिसर से फरार कराने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने आरोपी और उसके परिवार से Google Pay के जरिए रिश्वत लेकर उसे भागने में मदद की।

 

जानकारी के अनुसार, हत्या के आरोपी विनोद सोनी को फरार कराने के मामले में हवलदार एकनाथ तलपदे, प्रशांत राठौड़ और वसीम शेख को गिरफ्तार किया गया है। जांच में खुलासा हुआ कि तीनों पुलिसकर्मियों ने आरोपी पक्ष से किस्तों में कुल 45 हजार रुपये रिश्वत ली थी। यह रकम Google Pay के माध्यम से 5-5 हजार रुपये की किश्तों में ट्रांसफर की गई थी।

 

जांच एजेंसियों के मुताबिक, जैसे ही पुलिसकर्मियों के मोबाइल पर “पेमेंट सक्सेसफुल” का मैसेज आया, उन्होंने आरोपी विनोद सोनी के हाथों में लगी हथकड़ी ढीली कर दी। इसके बाद आरोपी ने टॉयलेट जाने का बहाना बनाया और मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि इस पूरी साजिश में आरोपी की पत्नी साक्षी सोनी और बेटा अतुल सोनी भी शामिल थे। पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया है।

 

बताया गया कि आरोपी विनोद सोनी को क्राइम ब्रांच यूनिट-3 ने करीब छह महीने की कड़ी मशक्कत के बाद मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया था। वह 16 साल पुराने एक ब्लाइंड मर्डर केस में फरार चल रहा था। मामले में आरोप था कि उसने विनोद जायसवाल नामक व्यक्ति के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर दी थी।

 

क्राइम ब्रांच की टीम ने लंबे समय तक जांच और लगातार छापेमारी के बाद आरोपी को पकड़ा था। लेकिन कोर्ट पेशी के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों ने मामूली रकम के लालच में पूरे ऑपरेशन पर पानी फेर दिया। घटना सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

 

मामले की जांच कर रहे अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को भगाने की साजिश में और भी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। वहीं फरार आरोपी विनोद सोनी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com