राष्ट्रपति तीन दिवसीय यात्रा पर आज सिक्किम पहुंचेंगी

गंगटोक : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज सिक्किम की यात्रा पर हैं। वह आगामी 28 मई तक सिक्किम की यात्रा पर रहेंगी। अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति सिक्किम विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह समेत अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेंगी।

 

राष्ट्रपति 26 से 28 मई तक सिक्किम की यात्रा करेंगी। उनका आज बागडोगरा हवाई अड्डे (पश्चिम बंगाल) से हेलीकॉप्टर से राजधानी के लिविंग में भारतीय सेना के हेलीपैड पर पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां से वह लोक भवन के लिए रवाना होंगी।

 

सरकारी बयान के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मु सिक्किम की अपनी यात्रा के पहले दिन, आज राजधानी के देवराली में नामग्याल इंस्टीट्यूट ऑफ तिब्बतोलॉजी का दौरा करेंगी। 27 मई की सुबह वह भारत-चीन सीमा क्षेत्र नाथूला दर्रे का दौरा करेंगी। उसी दिन दोपहर में वे सिक्किम विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी।

 

अपनी यात्रा के अंतिम दिन राष्ट्रपति राजधानी के पाल्जोर स्टेडियम में आयोजित होने वाले भारत के राष्ट्रपति के ‘पुलिस कलर’ अलंकरण समारोह में भाग लेंगी। यह पुरस्कार देश में उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए सिक्किम पुलिस को प्रदान किया जाना है। सिक्किम यह पुरस्कार प्राप्त करने वाला देश का 15वां राज्य है।

 

—————

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com