नई दिल्ली : कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ कांग्रेस हाईकमान की बैठक के बाद पार्टी ने दावा किया कि कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें निराधार हैं।बैठक में नेतृत्व परिवर्तन पर कोई चर्चा नहीं हुई है। पार्टी ने कहा है कि बैठक में केवल राज्यसभा और विधान परिषद (एमएलसी) चुनावों को लेकर चर्चा हुई।
कांग्रेस मुख्यालय में मंगलवार को दिनभर कई दौर की बैठकें हुईं। पहले मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने चर्चा की। इसके बाद इन्हीं नेताओं ने उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ अलग बैठक की।
इन बैठकों के बाद केसी वेणुगोपाल ने सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के साथ पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि आज की चर्चा केवल आगामी राज्यसभा और परिषद चुनावों पर केंद्रित रही। उन्होंने मीडिया में चल रही नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों को महज कयास बताते हुए कहा कि इनमें कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक से राज्यसभा और विधान परिषद सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा अन्य राज्यों छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और झारखंड की सीटों के साथ की जाएगी।
इससे पहले मंगलवार दोपहर सिद्धारमैया दिल्ली स्थित कर्नाटक भवन में मंत्रियों जी परमेश्वर, सतीश जारकीहोली, एचसी महादेवप्पा, बैरथी सुरेश, केजे जॉर्ज और एमबी पाटिल के साथ नाश्ते पर मिले। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता बीके हरिप्रसाद और कानूनी सलाहकार पोनन्ना भी मौजूद रहे। इसके बाद वे इंदिरा भवन पहुंचे, जहां पार्टी हाईकमान के साथ बैठकें हुईं।
उल्लेखनीय है कि सिद्धारमैया सोमवार को दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने उस समय पत्रकारों से कहा था कि पार्टी महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने उन्हें मंगलवार सुबह 11 बजे पार्टी मुख्यालय बुलाया है लेकिन बैठक का एजेंडा उन्हें नहीं बताया गया। इसी के बाद से कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें तेज हो गई थीं और चर्चा होने लगी थी कि उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal