आईपीएल 2026 : राजस्थान की दमदार जीत से हैदराबाद बाहर, सूर्यवंशी की विस्फोटक पारी ने बदला मैच

न्यू चंडीगढ़ : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया है। इस जीत के साथ राजस्थान ने क्वालिफायर-2 में जगह बना ली है, जहां उसका सामना 29 मई को गुजरात टाइटंस से होगा। इस मुकाबले की विजेता टीम फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ेगी।

 

मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 243 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में हैदराबाद की टीम 19.2 ओवर में 196 रन पर ऑलआउट हो गई।

 

राजस्थान की पारी की सबसे बड़ी आकर्षण युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने केवल 29 गेंदों पर विस्फोटक 97 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके और 12 छक्के शामिल रहे। उन्होंने यशस्वी जायसवाल के साथ पहले विकेट के लिए तेज साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। जायसवाल ने 29 रन बनाए, जबकि ध्रुव जुरेल ने 21 गेंदों पर 50 रन और कप्तान रियान पराग ने 26 रनों का योगदान दिया।

 

244 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। जोफ्रा आर्चर ने शुरुआती झटके देते हुए अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और ट्रैविस हेड को आउट कर राजस्थान को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इसके बाद नीतीश रेड्डी और सलिल अरोड़ा ने संघर्ष करने की कोशिश की, लेकिन टीम लक्ष्य से काफी दूर रह गई।

 

राजस्थान की गेंदबाजी में आर्चर सबसे सफल रहे और उन्होंने तीन विकेट हासिल किए। जबकि नांद्रे बर्गर, रवींद्र जडेजा और सुशांत मिश्रा ने दो-दो विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।

 

अब राजस्थान की नजरें क्वालिफायर-2 पर हैं, जहां फाइनल का टिकट दांव पर होगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com