बेंगलुरु। कर्नाटक की राजनीति में पिछले कई दिनों से मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों के बीच गुरुवार को बड़ा सियासी घटनाक्रम देखने को मिला। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के आधिकारिक आवास पर आयोजित ब्रेकफास्ट बैठक में कांग्रेस के दो बड़े चेहरे मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने एक-दूसरे को गले लगाकर पार्टी में एकजुटता का संदेश दिया।
इस दौरान डीके शिवकुमार ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के पैर छूकर उनका आशीर्वाद भी लिया।
दोनों नेताओं की यह तस्वीरें सामने आने के बाद कर्नाटक की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में इसे सत्ता परिवर्तन से पहले ‘सुलह और सम्मान’ का बड़ा संकेत माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री आवास पर जुटे कांग्रेस के बड़े नेता
मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस अहम ब्रेकफास्ट बैठक में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री और विधायक मौजूद रहे। मंत्री एचके पाटिल, रामलिंगा रेड्डी समेत कई बड़े नेताओं ने बैठक में हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान पार्टी के भीतर चल रही राजनीतिक चर्चाओं, नेतृत्व परिवर्तन और सत्ता हस्तांतरण को लेकर गहन मंथन हुआ। हालांकि बैठक के बाद किसी भी नेता ने खुलकर बयान नहीं दिया, लेकिन अंदरखाने राजनीतिक गतिविधियां तेज बनी हुई हैं।
इस्तीफे की अटकलों ने बढ़ाई हलचल
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री सिद्धारमैया गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे राज्यपाल से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। हालांकि इसको लेकर अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कांग्रेस के अंदर सत्ता परिवर्तन की चर्चाएं लगातार तेज हैं।
बताया जा रहा है कि लंबे समय से चल रहे ‘ढाई-ढाई साल’ के कथित सत्ता समझौते के तहत अब डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री पद सौंपे जाने की संभावना बढ़ गई है।
गले मिलने और पैर छूने की तस्वीरें बनी चर्चा का केंद्र
ब्रेकफास्ट बैठक के दौरान सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार का एक-दूसरे को गले लगाना और शिवकुमार का मुख्यमंत्री के पैर छूना सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह केवल औपचारिक मुलाकात नहीं थी, बल्कि कांग्रेस नेतृत्व की ओर से पार्टी में एकजुटता और शांतिपूर्ण सत्ता हस्तांतरण का संदेश देने की कोशिश भी हो सकती है।
कांग्रेस हाईकमान की नजर
कर्नाटक में जारी घटनाक्रम पर कांग्रेस हाईकमान की लगातार नजर बनी हुई है। माना जा रहा है कि दिल्ली स्तर पर भी इस बदलाव को लेकर अंतिम रणनीति तैयार की जा चुकी है।
अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या सिद्धारमैया वास्तव में इस्तीफा देंगे और क्या डीके शिवकुमार जल्द ही कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal