नॉर्वे शतरंज 2026: कार्लसन ने की शानदार वापसी, गुकेश को हराया; प्रज्ञानानंद ने कीमर को दी मात

ओस्लो : नॉर्वे शतरंज 2026 के चौथे दौर में विश्व नंबर एक मैग्नस कार्लसन ने विश्व चैंपियन डी. गुकेश को हराकर शानदार वापसी की, जबकि भारत के आर. प्रज्ञानानंद ने विन्सेंट कीमर को पराजित कर देश को बड़ी सफलता दिलाई।

 

महिला वर्ग में हालांकि भारतीय खिलाड़ियों के लिए दिन निराशाजनक रहा। कोनेरू हम्पी और दिव्या देशमुख को क्रमशः झू जिनेर और अन्ना मुजिचुक के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

 

सबसे ज्यादा चर्चा कार्लसन और गुकेश के मुकाबले की रही। पिछले संस्करण में गुकेश से हार के बाद कार्लसन के टेबल पर हाथ मारने की घटना काफी चर्चित रही थी। इस बार भी मुकाबला बेहद रोमांचक रहा।

 

टूर्नामेंट की खराब शुरुआत के बाद कार्लसन पर दबाव था। उन्होंने शुरुआती तीन मुकाबलों में से दो गंवाए थे, जिनमें प्रज्ञानानंद के खिलाफ क्लासिकल हार भी शामिल थी। लेकिन चौथे दौर में कार्लसन ने अनुभव का शानदार प्रदर्शन करते हुए गुकेश की अंतिम क्षणों की गलतियों का पूरा फायदा उठाया और मुकाबला जीतकर 4.5 अंक के साथ फिर से खिताबी दौड़ में वापसी कर ली।

 

दूसरी ओर, प्रज्ञानानंद ने क्लासिकल मुकाबले में जीत की स्थिति गंवा दी थी, लेकिन आर्मागेडन टाईब्रेक में आक्रामक खेल दिखाते हुए विन्सेंट कीमर को मात दी। इस जीत के साथ वह अंक तालिका में अलीरेजा फिरोजा के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गए। फिरोजा को इस दौर में वेस्ली सो ने हराया।

 

महिला वर्ग में तीनों क्लासिकल मुकाबले ड्रॉ रहे। इसके बाद आर्मागेडन में कजाखस्तान की बिबिसारा अस्साउबायेवा ने विश्व चैंपियन जू वेनजुन को हराकर बड़ा उलटफेर किया।

 

कोनेरू हम्पी का खराब प्रदर्शन जारी रहा और क्लासिकल ड्रॉ के बाद टाईब्रेक में झू जिनेर ने उन्हें पराजित कर दिया। वहीं दिव्या देशमुख को अन्ना मुजिचुक के खिलाफ हार झेलनी पड़ी।

 

अब टूर्नामेंट में आज विश्राम दिवस रहेगा और मुकाबले शनिवार से फिर शुरू होंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com