चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में समाजवादी पार्टी की महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल पर हुए हमले ने सनसनी फैला दी है। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मढिया गांव में गुरुवार को कुछ लोगों ने कथित तौर पर घर में घुसकर गार्गी पटेल के साथ जमकर मारपीट की।
आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा, बाल नोचे और कमरे में रखी टेबल उठाकर हमला किया। घटना में गंभीर रूप से घायल गार्गी पटेल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब सपा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख और नेता प्यारेलाल किसी काम से गार्गी पटेल के घर पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोग अचानक घर में घुस आए और हंगामा शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो युवकों और एक महिला ने गार्गी पटेल को पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और करीब पांच मिनट तक लगातार मारपीट करते रहे।
आरोप है कि हमलावरों ने न सिर्फ लात-घूंसे और डंडों से हमला किया, बल्कि बाल पकड़कर घसीटा और टेबल उठाकर भी वार किया। बीच-बचाव करने आई उनकी बेटी के साथ भी मारपीट की गई। हमले के दौरान घर में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही जलीलपुर चौकी प्रभारी और डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल गार्गी पटेल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
गार्गी पटेल ने आरोप लगाया कि अमित यादव, मनोज यादव, उनकी पत्नी और पुत्री ने मिलकर उन पर हमला किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह हमला किया गया। उन्होंने बताया कि उन्हें तब तक पीटा गया, जब तक वह बेहोश होकर जमीन पर नहीं गिर गईं। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के दौरान महिला पर अनैतिक संबंधों के आरोप भी लगाए गए और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल व घटनास्थल पर जुटे रहे।
मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में भी नाराजगी देखी जा रही है। पार्टी नेताओं ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal