गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के भुज में सीमा चौकी जी -7 का किया उद्घाटन

Border News : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के भुज स्थित भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बॉर्डर आउट पोस्ट (बीओपी) जी-7 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में मजबूत सुरक्षा व्यवस्था को रेखांकित करते हुए कहा कि तकनीकी और भौगोलिक चुनौतियों के बावजूद सुरक्षा तंत्र को प्रभावी रूप से मजबूत किया गया है। गृह मंत्री इस समय दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं, जिसके दौरान वे एक दर्जन से अधिक कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं और विभिन्न विकास व सुरक्षा परियोजनाओं की समीक्षा भी कर रहे हैं।

 

कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों से बातचीत की और परिसर में नीम का पौधा भी रोपा। इस मौके पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी उपस्थित रहे। गृह मंत्री ने बताया कि जी-7 केंद्र का निर्माण लगभग 175 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है और यह सीमा अवसंरचना को मजबूत करने की व्यापक योजना का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि बनासकांठा में भी ऐसा केंद्र स्थापित किया गया है, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों को बीएसएफ के कार्यों और जिम्मेदारियों से अवगत कराना है।

 

शाह ने बताया कि उन्होंने गृह मंत्री का पद संभालने के बाद बीएसएफ की पहली समीक्षा बैठक में ही सीमावर्ती क्षेत्र को अत्यंत संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण माना था। उन्होंने कहा कि सरकार ने चरणबद्ध तरीके से इस पूरे क्षेत्र में मजबूत सुरक्षा नेटवर्क स्थापित करने में सफलता हासिल की है। उन्होंने यह भी बताया कि परियोजना के दौरान कई तकनीकी चुनौतियां आईं, जिसके तहत सीमा चौकियों के आसपास के क्षेत्र को लगभग 3.75 मीटर ऊंचा किया गया और कार्य की निरंतर निगरानी स्वयं उनके द्वारा तीन महीने तक प्रतिदिन की गई।

 

इससे पहले उन्होंने अहमदाबाद में लगभग 18 फीट ऊंची भारत माता प्रतिमा का अनावरण किया, जहां मुख्यमंत्री सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा शाह ने गांधीनगर जिले में करीब 340 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया तथा एक प्राथमिक विद्यालय का भी उद्घाटन किया।

 

एक जनसभा में उन्होंने कहा कि पिछले दस दिनों में ही गांधीनगर जिले की दो विधानसभा सीटों पर लगभग 1,200 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की गई है और आने वाले समय में गांव-गांव में उद्यानों और तालाबों के विकास जैसे कार्य पूरे किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गुजरात विकास मॉडल लगातार आगे बढ़ रहा है और इसका विस्तार देशभर में हुआ है। शाह ने दावा किया कि भाजपा आज देश के लगभग 80 प्रतिशत भूभाग में शासन कर रही है, जो विकास और जनसमर्थन का परिणाम है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com