नई दिल्ली : कर्नाटक में कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उन्हें बधाई दी। दोनों नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को भी राज्य में कांग्रेस नेतृत्व को मज़बूत करने के लिए धन्यवाद दिया।
खरगे ने एक्स पोस्ट में लिखा कि वह मुख्यमंत्री शिवकुमार और मंत्रिपरिषद के सदस्यों को कर्नाटक का उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए शपथ लेने पर बधाई देते हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को उनके ईमानदार और समर्पित नेतृत्व के लिए आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का सामूहिक नेतृत्व सामाजिक न्याय, आर्थिक सशक्तीकरण और समावेशी विकास की दिशा में राज्य की जनता के साथ खड़ा रहेगा।
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि कर्नाटक की जनता ने हम पर भरोसा जताया है और यह भरोसा हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री शिवकुमार और मंत्रिपरिषद को हार्दिक बधाई। सिद्धारमैया को धन्यवाद, जिनके नेतृत्व और सेवा ने कर्नाटक को मजबूत किया और लाखों लोगों की ज़िंदगी बेहतर बनाई। कांग्रेस की गारंटियां ही शासन की नींव हैं और पार्टी जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए लगातार काम करती रहेगी।
उल्लेखनीय है कि शिवकुमार के साथ जी परमेश्वर ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके अलावा केएच मुनियप्पा, केजे जॉर्ज, एमबी पाटिल, रामलिंगा रेड्डी, सतीश जारकीहोली, कृष्णा बायर गौड़ा, प्रियांक खरगे, यूटी खादर, ईश्वर खंड्रे, यतींद्र सिद्धारमैया, बैरथी सुरेश और शरण प्रकाश पाटिल ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal