गांधीनगर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुजरात दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे दक्षिण गुजरात को 12,421 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की सौगात देंगे। कार्यक्रम में 7,689 करोड़ रुपये की लागत से तैयार वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के दो खंडों का लोकार्पण और 4,732 करोड़ रुपये की चार नई सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।
राज्य सूचना विभाग के अनुसार प्रधानमंत्री कीम-एना (36 किमी) और गणदेवा-एना (27.5 किमी) एक्सप्रेस वे खंडों का उद्घाटन करेंगे। इन आठ लेन मार्गों के शुरू होने से दक्षिण गुजरात की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, माल परिवहन तेज होगा और उद्योगों की परिवहन लागत में कमी आएगी।
इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग-56 के धमासिया-बिटाड़ा और नसारपोर-मलोथा खंडों को चार लेन बनाने के कार्य का शिलान्यास भी किया जाएगा। इन परियोजनाओं से नर्मदा, तापी, वलसाड और छोटा उदेपुर जैसे जनजातीय जिलों सहित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी क्षेत्र तक आवागमन अधिक सुगम होगा। 107 किलोमीटर से अधिक लंबी इस सड़क परियोजना से यात्रा समय में लगभग 40 मिनट की कमी आएगी।
हजीरा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर लगभग 149 करोड़ रुपये की लागत से 6-लेन फ्लाईओवर और वाहन अंडरपास का निर्माण भी शुरू होगा। इससे हजीरा बंदरगाह और औद्योगिक क्षेत्रों में भारी वाहनों की आवाजाही आसान होगी तथा यातायात जाम की समस्या में कमी आएगी। इन परियोजनाओं से दक्षिण गुजरात में संपर्क व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ व्यापार, उद्योग, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal