‘ममता बनर्जी देशद्रोही हैं, तुरंत गिरफ्तार करो’, टीएमसी प्रमुख के खिलाफ सिलीगुड़ी साइबर क्राइम थाने में FIR दर्ज

West Bengal : पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ सिलीगुड़ी साइबर क्राइम थाने में देशद्रोह की शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता वकील रिंकी सिंह चटर्जी ने आरोप लगाया है कि उनके हालिया बयानों से देश की एकता और विदेश नीति को नुकसान पहुंचा है।

 

गिरफ्तारी की मांग और कोर्ट जाने का दावा

शिकायतकर्ता का कहना है कि वह ममता बनर्जी की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर 8 जून को कोलकाता हाई कोर्ट में याचिका दायर करेंगी। इससे पहले भी उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान कथित भड़काऊ भाषणों को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी।

 

क्या है पूरा विवाद?

आरोपों के अनुसार, 2 जून को कोलकाता के रानी रासमणि रोड पर एक विरोध प्रदर्शन के दौरान ममता बनर्जी ने बांग्लादेशी नागरिक उस्मान हादी की हत्या को लेकर केंद्र सरकार और गृह मंत्रालय पर गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायतकर्ता का दावा है कि उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय के आदेश पर बांग्लादेश में संगठित तरीके से हत्याकांड हुआ।

 

इन बयानों को लेकर आरोप लगाया गया है कि इससे भारत-बांग्लादेश संबंधों पर असर पड़ सकता है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि को नुकसान पहुंच सकता है।

 

देशद्रोह के तहत शिकायत का आधार

रिंकी सिंह चटर्जी का आरोप है कि ममता बनर्जी ने अपने संवैधानिक पद की शपथ के बावजूद ऐसे बयान दिए, जिन्हें देश विरोधी माना जा सकता है। उनका कहना है कि इन बयानों से कथित रूप से कट्टरपंथी तत्वों को बढ़ावा मिलता है और सामाजिक तनाव फैलता है।

 

पहले भी दर्ज हो चुकी है शिकायत

शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि यह पहली शिकायत नहीं है। लगभग 10 दिन पहले भी उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए कथित भड़काऊ भाषणों को लेकर साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

 

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया अदालत में तय होगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com