प्रीमियर लीग: लिवरपूल ने पूर्व बॉर्नमाउथ कोच एंडोनी इराओला को नया मैनेजर नियुक्त किया

लिवरपूल : प्रीमियर लीग क्लब लिवरपूल ने पूर्व बॉर्नमाउथ मैनेजर एंडोनी इराओला दो साल के अनुबंध पर टीम का नया मैनेजर नियुक्त किया। क्लब ने गुरुवार को उक्त घोषणा की।

 

43 वर्षीय इराओला डच कोच आर्ने स्लॉट की जगह लेंगे। स्लॉट ने अपने पहले सीजन में लिवरपूल को प्रीमियर लीग खिताब दिलाया था, लेकिन दूसरे सीजन में अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरने के कारण उन्हें पद से हटा दिया गया।

 

नियुक्ति के बाद इराओला ने आधिकारिक बयान में कहा, “लिवरपूल की ओर आकर्षित होने के लिए आपको बहुत ज्यादा कारणों की जरूरत नहीं होती। लिवरपूल, लिवरपूल है।लेकिन जाहिर तौर पर यहां का माहौल, समर्थक, क्लब, खिलाड़ी, शीर्ष स्तर के खिलाड़ियों को कोचिंग देने का मौका और खिताब जीतने की लड़ाई में शामिल होने का अवसर — इससे अधिक आकर्षक कुछ नहीं हो सकता। ऐसा अवसर मिलना मुश्किल है। मैं शुरुआत को लेकर बेहद उत्साहित हूं।”

 

स्पेन के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी इराओला ने 2003 से 2015 तक एथलेटिक बिलबाओ के लिए खेला था। उन्होंने 2023 में बॉर्नमाउथ की कमान संभाली और क्लब के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार किया।

 

2024-25 सीजन में बॉर्नमाउथ ने 56 अंक हासिल किए और लीग में नौवां स्थान प्राप्त किया, जो उस समय क्लब का संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ शीर्ष डिवीजन प्रदर्शन था।

 

इसके बाद इस सीजन में इराओला ने उस रिकॉर्ड को और बेहतर किया। उनकी अगुआई में बॉर्नमाउथ छठे स्थान पर रहा और टीम ने यूईएफए यूरोपा लीग के लिए क्वालिफाई किया।

 

इराओला ने अप्रैल में क्लब छोड़ने की घोषणा कर दी थी।

 

अब उनके सामने लिवरपूल जैसी बड़ी टीम को फिर से शीर्ष स्तर पर पहुंचाने की चुनौती होगी। पिछले सीजन में टीम पांचवें स्थान पर रही थी। साथ ही उन्हें मोहम्मद सलाह की कमी से भी निपटना होगा, जो पिछले एक दशक से टीम के प्रमुख गोल स्कोरर रहे हैं।

 

यह नियुक्ति इराओला के कोचिंग करियर का अब तक का सबसे बड़ा अवसर मानी जा रही है और यह उनके प्रबंधकीय कौशल की भी बड़ी परीक्षा होगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com