रांची : झारखंड प्रवास के दूसरे दिन रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का रांची से बोकारो जाते समय कई स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान रामगढ़ और बोकारो जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा, जयघोष और गर्मजोशी से उनका अभिनंदन किया।
यात्रा के क्रम में रामगढ़ के निर्मल महतो चौक और मांडू के छतरपुर में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने स्वर्गीय निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद रामगढ़ जिले के गोला और चितरपुर तथा बोकारो जिले के पेटरवार, जैनामोड़ और नया मोड़ में भी कार्यकर्ताओं द्वारा उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। इन सभी स्थानों पर माहौल पूरी तरह संगठनात्मक जोश और उत्साह से भरा रहा।
इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्वर्गीय छत्रु राम महतो की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके संघर्षपूर्ण जीवन व योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा और नारों के बीच संगठन के प्रति समर्पण स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता स्वागत में शामिल हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में जनसैलाब जैसा माहौल बन गया।
इस अवसर पर झारखंड भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, विधायक रौशन लाल चौधरी और पूर्व विधायक बिरंची नारायण सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal