दिल्ली IGI एयरपोर्ट पर अचानक आई आंधी से डैमेज हुए तीन विमान, डीजीसीए ने शुरू की जांच

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर रविवार शाम कुदरत का कहर देखने को मिला, जिसने एयरलाइन सेवा को बड़ी चुनौतियों का सामना कराया। अचानक तेज आंधी और बारिश के कारण टर्मिनल-2 (T2) के पार्किंग क्षेत्र में खड़े एयर इंडिया के तीन विमान तूफानी हवाओं और स्टैंड्स से टकराने से क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन सुरक्षा के दृष्टिकोण से इन विमानों को तुरंत उड़ान सेवा से हटा कर ग्राउंडेड कर दिया गया है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार शाम करीब 4:40 बजे हुई। मौसम विभाग की ओर से कोई पूर्व चेतावनी जारी नहीं की गई थी, फिर भी अचानक आई आंधी ने हवाई अड्डे के ग्राउंड सपोर्ट उपकरणों (जैसे स्टेप लैडर और ट्रेस्टल) को अनियंत्रित कर दिया। इन उपकरणों ने अपनेआप खिसकना शुरू कर दिया और पास में पार्क किए गए तीन नैरो-बॉडी एयर इंडिया विमानों से टकरा गए। बताया जा रहा है कि एक ट्रेस्टल को पहले से सुरक्षित तरीके से बांधा गया था, लेकिन हवाओं की रफ्तार इतनी अधिक थी कि वह भी अपनी जगह से खिसक गया।

 

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने इस घटना को बेहद गंभीर माना है। उन्होंने जांच के आदेश दिए हैं और स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की विस्तृत पड़ताल की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले किसी भी पक्ष के खिलाफ जिम्मेदारी तय की जाएगी और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान, तकनीकी विशेषज्ञों की एक टीम मौके का निरीक्षण कर रही है ताकि घटना के कारणों का सटीक पता लगाया जा सके।

 

हादसे के बाद तीनों क्षतिग्रस्त विमानों को निरीक्षण और मरम्मत के लिए खड़ा कर दिया गया है। इनमें से एक विमान को अधिक नुकसान पहुंचा है, जिसे मरम्मत में कुछ दिनों का समय लग सकता है। वहीं, अन्य दो विमानों की जांच पूरी होने के बाद इसी सप्ताह उन्हें पुनः सेवा में शामिल करने की उम्मीद है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com