इजरायल में गूंजा ‘जय भवानी जय शिवाजी’! इस खास शहर में लगाई जाएगी छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा

नई दिल्ली। भारत और इजरायल के बीच सांस्कृतिक और राजनयिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इजरायल अपने एक प्रमुख शहर में छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा स्थापित करेगा, जिसकी घोषणा मुंबई में इजरायल के कॉन्सुलेट जनरल यानिव रेवाच ने की है।

 

उन्होंने बताया कि महाराज की विरासत के अनुरूप इस स्मारक का निर्माण किया जाएगा और इसके लिए उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से सहयोग मांगा था, जिन्होंने तुरंत ही सहमति दे दी। रेवाच ने अपने पत्र में लिखा, “हमारा मानना है कि इजरायल में लगी यह प्रतिमा भारत और इजरायल के गहरे संबंधों का एक मजबूत प्रतीक होगी। महाराष्ट्र और भारतीय यहूदी समुदाय के ऐतिहासिक संबंधों को देखते हुए यह स्मारक विशेष रूप से महत्वपूर्ण होगा।”

 

रेवाच ने कहा, “यह पहल हमारे दोनों देशों के लोगों के बीच दोस्ती को और मजबूत करेगी और साहस, नेतृत्व और आपसी सम्मान जैसे साझा मूल्यों को स्थायी श्रद्धांजलि होगी, जो महाराष्ट्र और इजरायल की पहचान हैं।”

 

सीएम फडणवीस ने भी इस प्रस्ताव का स्वागत किया है। उन्होंने यानिव रेवाच का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “यह बहुत बड़ी उपलब्धि है! शिवराज्याभिषेक दिवस के शुभ अवसर पर इस ऐतिहासिक घोषणा के लिए हम हार्दिक धन्यवाद देते हैं। महाराष्ट्र सरकार इस पहल का पूर्ण समर्थन करेगी। जय भवानी, जय शिवाजी।”

 

फडणवीस ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यरुशलम यात्रा के बाद, दोनों देशों के संबंधों को और भी मजबूत बनाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इस प्रतिमा की स्थापना के माध्यम से भारतीय नागरिक इजरायली नागरिकों के साथ जुड़ेंगे।

 

रेवाच ने इस अवसर पर कहा, “यह पहल हमारे लोगों के बीच दोस्ती को और गहरा करेगी और साहस, नेतृत्व और आपसी सम्मान जैसे साझा मूल्यों के प्रति एक स्थायी श्रद्धांजलि होगी।”

 

इस घोषणा के साथ, भारत-इजरायल संबंधों में नई ऊर्जा का संचार होने की उम्मीद है और दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और राजनयिक संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में यह कदम एक मील का पत्थर माना जा रहा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com